दुनिया

UK Under-16s Social Media Ban: सिर्फ ब्रिटेन नहीं! इन देशों ने भी बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर लगाया बैन; पढ़ें लिस्ट

UK Under-16s Social Media Ban: ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने यूनाइटेड किंगडम (UK) में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की ऐतिहासिक घोषणा की है। गौरतलब है कि यूके से पहले ऑस्ट्रेलिया (16 वर्ष), फ्रांस (15 वर्ष) और जापान जैसे देश भी नाबालिगों के लिए सोशल मीडिया को प्रतिबंधित या कड़ाई से नियंत्रित करने के कदम उठा चुके हैं।

Image

UK सरकार का ऐतिहासिक फैसला, 16 से कम उम्र वालों पर लगा विराम। AI IMAGE

UK Under-16s Social Media Ban: ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर (Keir Starmer) ने सोमवार को देश में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर पूरी तरह से प्रतिबंध (Ban) लगाने का ऐलान किया है। सरकार का मानना है कि सोशल मीडिया की लत बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, नींद और पारिवारिक जीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रही है। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर एक वीडियो संदेश जारी कर इस फैसले की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह निर्णय देश के हजारों माता-पिता के साथ गहन विचार-विमर्श करने के बाद लिया गया है।

पीएम स्टार्मर ने वीडियो में की खास अपील

कीर स्टार्मर ने कहा,"आजकल बच्चों को एक ऐसी दुनिया में कदम रखना पड़ रहा है जो बहुत तेजी से बदल रही है, जहां तकनीक उनके जीवन के हर हिस्से में दखल दे रही है। हजारों माता-पिता का कहना है कि उनके बच्चे सोशल मीडिया के आदी हो चुके हैं। यह लत बच्चों को अंतहीन स्क्रॉलिंग (Endless Scrolling) के चक्रव्यूह में फंसा देती है, जिससे उनका खेलना, सोना और परिवार के साथ समय बिताना सब छूट जाता है।"

उन्होंने आगे कहा कि यह उनके मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रहा है। माता-पिता को इस मामले में हमारे समर्थन की जरूरत है, इसीलिए सरकार ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया एक्सेस पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।

टेक कंपनियों से टक्कर लेने को तैयार ब्रिटिश सरकार

प्रधानमंत्री ने साफ किया कि सरकार ने यह फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया है, बल्कि अन्य देशों के अनुभवों और सबूतों को ध्यान में रखकर कदम उठाया है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस फैसले का दुनिया की सबसे शक्तिशाली टेक कंपनियों (Social Media Giants) द्वारा कड़ा विरोध किया जाएगा। स्टार्मर ने दृढ़ता से कहा, "हम उनसे मुकाबला करेंगे और जीतेंगे, क्योंकि सोशल मीडिया हमारे बच्चों को असुरक्षित और नाखुश बना रहा है। हमारे बच्चे एक सुरक्षित और खुशहाल बचपन के हकदार हैं।"

बच्चों पर सोशल मीडिया बैन करने वाले अन्य देश

बता दें कि ब्रेटिन ऐसा कदम उठाने वाला पहला देश नहीं है। हाल के दिनों में दुनिया के कई विकसित देशों ने नाबालिगों को सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए कड़े कानून बनाए हैं।

ऑस्ट्रेलिया: ऑस्ट्रेलिया ने पिछले साल ही 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर पूर्ण प्रतिबंध (Blanket Ban) लागू कर दिया है।

फ्रांस: फ्रांस 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन करने की कानूनी प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रहा है।

जापान: जापान में भी एक सरकारी पैनल ने सोशल मीडिया ऑपरेटरों के लिए सख्त आयु सत्यापन (Age Verification) और फीचर्स को सीमित करने की सिफारिश की है।

स्पेन और डेनमार्क: ये देश भी अपने यहां बच्चों के लिए सोशल मीडिया रेगुलेशन पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article