दुनिया

तुर्की-सीरिया में मुसीबतों की दोहरी मार, अपनों को खोने के बाद अब भूख-सर्दी का सितम

  • Authored by: आलोक कुमार राव
  • Updated Feb 10, 2023, 01:41 PM IST

Turkey-Syria earthquake: भूकंप से सबसे ज्यादा नुकसान तुर्की को उठाना पड़ा है। जान-माल के नुकसान का स्तर इतना बड़ा है कि राष्ट्रपति रेसेप तैय्यप एर्दोगन ने इसे 'शताब्दी की सबसे बड़ी तबाही' बताया है। रिपोर्टों में कहा गया है कि केवल तुर्की में साढ़े छह हजार से ज्यादा इमारतें ध्वस्त हो गई हैं।

Image

तुर्की-सीरिया में मुसीबतों की दोहरी मार, अपनों को खोने के बाद अब भूख-सर्दी का सितम

Turkey-Syria earthquake: तुर्की और सीरिया में भूकंप ने भीषण तबाही मचाई है। इन दोनों देशों में मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हजार के पार चली गई है। दुनिया भर की राहत एवं बचाव कार्य की टीमें मलबे में फंसे लोगों को निकालने एवं मानवीय मदद में जुटी हैं। लेकिन समय जैसे-जैसे बीत रह है वैसे-वैसे मलबे में दबे लोगों के जिंदा बचने की उम्मीद कम होती जा रही है। बावजूद इसके रेस्क्यू टीमों का हौसला कमजोर नहीं पड़ा है। राहत एवं बचाव कार्य में जुटी टीमों को मलबों से लोगों को जिंदा एवं सुरक्षित निकालने में कामयाबी भी मिल रही है। कई जगहों पर बच्चे, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग मौत को मात देकर उठ खड़े हुए हैं।

'शताब्दी की सबसे बड़ी तबाही'

भूकंप से सबसे ज्यादा नुकसान तुर्की को उठाना पड़ा है। जान-माल के नुकसान का स्तर इतना बड़ा है कि राष्ट्रपति रेसेप तैय्यप एर्दोगन ने इसे 'शताब्दी की सबसे बड़ी तबाही' बताया है। रिपोर्टों में कहा गया है कि केवल तुर्की में साढ़े छह हजार से ज्यादा इमारतें ध्वस्त हो गई हैं। करीब 13 लाख लोगों बेघर हो चुके हैं।

shift

shift

अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार तक तुर्की में 18,342 लोगों की जान जा चुकी है। मौत का यह आंकड़ा साल 1999 में आए भूकंप से हुई मौतों को पार कर गया है। 1999 में आए भूकंप से 17,000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। रिपोर्टों में अब तक सीरिया में भूकंप से 3,377 लोगों की मौत होने की खबर है।

पीड़ितों की आंखों में झलक रहा दर्द

भूकंप की विनाशलीला का दर्द पीड़ितों की आंखों में झलक रहा है। अपनों के खोने और बेघर हो जाने की पीड़ा से लोग कराह रहे हैं। कुदरत के इस कहर का सामना लोगों को ऐसे समय करना पड़ा है जब दोनों देशों में भीषण ठंड पड़ रही है। बेघर हुए लोगों के पास रहने के लिए कोई उचित ठिकाना नहीं है। तुर्की के मारस में लोग एक बैंक में शरण लिए हैं। अपनी निजता बनाए रखने के लिए खिड़की पर शीट लगाई है। कुछ लोगों ने सड़क किनारे खुले मैदान में मेक शिफ्ट टेंट लगाया है। कंबल में लिपटे हुए लोगों को आग जलाकर सर्दी भगाते देखा गया है।
turkey

turkey

'सर्दी इतनी कि हम रात में सो नहीं पाए'

भूकंप आने के बाद अलेप्पो से भागकर इबलिब प्रांत पहुंचीं मुनीरा मोहम्मद का कहना है कि 'यहां हमारे बच्चे हैं। हमें खुद को गर्म रखने और खाने-पीने के लिए सामग्रियों की जरूरत है। बीती रात इतनी ज्यादा ठंड थी कि हम पूरी रात सो नहीं सके। हमारा बहुत बुरा हाल है।' दरअसल, भीषण भूकंप के बाद भी इन दोनों देशों में छोटी तीव्रता के झटके आने थमे नहीं हैं। इससे लोग घबराए हुए हैं और जिनके मकान सुरक्षित हैं वे भी अपने घरों में जाने से डर रहे हैं। लोगों ने सुपरमार्केट की कार पार्किंग, मस्जिदों और सड़क किनारे मेकशिफ्ट शेल्टर्स बनाकर डेरा डाला है। इन जगहों पर लोगों ने राहत सामग्री न पहुंच पाने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि उनके पास खाने-पाने के लिए कुछ नहीं है।
turkey

turkey

...तो आ सकती है दूसरी बड़ी मानवीय आपदा

इस बीच, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने बड़ी चेतावनी जारी की है। डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि तुर्की और सीरिया में बहुत बड़ा मानवीय संकट पैदा हो सकता है। संगठन ने कहा कि राहत सामग्री, खाने-पीने एवं चिकित्सा की चीजें प्रभावित लोगों तक पहुंचने में यदि देरी हुई तो एक दूसरी बड़ी मानवीय आपदा का सामना करना पड़ सकता है।
turkey

turkey

यूरोप के लिए डब्ल्यूएचओ के रिजनल डाइरेक्टर डॉक्टर हंस क्लूगे ने बीबीसी को बताया कि सीरिया में लोग पानी के लिए जलाशय पर निर्भर हैं और ये जलाशय क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इन्हें बदलने की जरूरत है। अगर इनकी मरम्मत नहीं हुई और ये बदले नहीं गए तो यहां कलरा फैल सकता है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article