दुनिया

जापान में CM योगी का गर्मजोशी से स्वागत, औद्योगिक विकास, निवेश के अवसरों को मुख्यमंत्री देंगे मजबूती

टोक्यो पहुंचने पर सीएम योगी का गर्मजोशी भरा स्वागत देखने को मिला। जहां उनका स्वागत उप-राज्यपाल जुनिची इशिदेरा और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों ने किया। यह दौरा दो देशों की यात्रा का हिस्सा है और मुख्यमंत्री की जापान की पहली आधिकारिक यात्रा है। यह एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

Image

सिंगापुर की यात्रा के बाद जापान पहुंचे सीएम योगी।

Photo : ANI

CM Yogi Japan Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को जापान पहुंचे। यह उनकी विदेश यात्रा का दूसरा चरण है। सीएम योगी सिंगापुर से टोक्यो पहुंचे। टोक्यो एयरपोर्ट पहुंचने पर भारतीय राजदूत नगमा एम मलिक ने उनकी अगवानी की। सीएम योगी की जापान यात्रा का उद्देश्य औद्योगिक विकास एवं निवेश के अवसरों को मजबूती प्रदान करना है। जापान पहुंचने पर सीएम योगी ने X पर अपने ट्वीट में कहा कि 'उगते सूरज की नवोन्मेषी भूमि को प्रभु श्री राम की पावन धरा के 'आदित्य' का नमस्कार...।' सीएम योगी जापान में 25-26 मार्च तक रहेंगे।

टोक्यो में सीएम योगी का गर्मजोशी से हुआ स्वागत

टोक्यो पहुंचने पर सीएम योगी का गर्मजोशी भरा स्वागत देखने को मिला। जहां उनका स्वागत उप-राज्यपाल जुनिची इशिदेरा और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों ने किया। यह दौरा दो देशों की यात्रा का हिस्सा है और मुख्यमंत्री की जापान की पहली आधिकारिक यात्रा है। यह एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जो भारत और जापान के बीच गहराते रणनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है।

सिंगापुर में एक लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले

X पर मुख्यमंत्री के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा गया, 'उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए हमें सिंगापुर में एक लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले। इसके अलावा 60 करोड़ रुपए के सहमति पत्रों को अंतिम रूप दिया गया। निवेश के ये सभी पहल उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक खरब डॉलर की इकॉनमी बनाने में मील का पत्थर साबित होंगे।'

'बिजनेस लीडर्स संवाद’ कार्यक्रम को सम्बोधित किया

इससे पहले सीएम योगी ने मंगलवार को सिंगापुर में बिजनेस फेडरेशन सिंगापुर द्वारा उत्तर प्रदेश इन्वेस्टमेंट रोड-शो के तहत आयोजित 'बिजनेस लीडर्स संवाद’ कार्यक्रम को सम्बोधित किया। राज्य सरकार द्वारा यहां जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने सभी कारोबारी नेताओं को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश में उनका निवेश सुरक्षित होगा। उन्होंने उद्योगपतियों से कहा कि कारोबार की सम्भावनाओं को आगे बढ़ाने में उत्तर प्रदेश आपके सामने प्रस्तुत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर के कारोबारी नेताओं से विभिन्न चरणों में संवाद हुआ है। उन्होंने कहा कि सिंगापुर के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, उपप्रधानमंत्री, गृह मंत्री, ऊर्जा मंत्री व उद्यमियों के साथ परस्पर विकास की सम्भावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया है।

सिंगापुर में चेयरमैन-सीईओ के साथ हुई बैठक

आदित्यनाथ ने कहा कि टेमासेक, जीआईसी, यूएससी, जीएसएस ग्रीन, सैप कोर्स, ब्लैक स्टोन इत्यादि संस्थाओं के चेयरमैन और सीईओ के साथ उनकी सार्थक चर्चा हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 34 से अधिक सेक्टोरल नीतियां हैं। सुरक्षा का एक बेहतरीन वातावरण है। इन सभी के बीच सरकार ने प्रदेश में विश्व स्तरीय मूलभूत ढांचा भी उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि औद्योगीकरण के साथ ही सेवा क्षेत्र में भी अनन्त सम्भावनाओं को प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू किया गया है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!