पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशाक डार की अमेरिका में घनघोर बेज्जती हुई है। अमेरिका में शायद ही किसी देश के वित्त मंत्री का ऐसा स्वागत हुआ होगा। पाक के मंत्री के सामने ही लोगों ने चोर-चोर के नारे लगाए हैं।
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वायरल क्लिप में एक व्यक्ति को डार के साथ बहस करते हुए दिखाया गया है, डार के साथ घटना के समय अन्य पाक अधिकारी भी थे। यह स्पष्ट नहीं है कि ऐसा उनके खिलाफ क्यों किया गया?
वीडियो में दिख रहा है कि जैसे ही डार एयरपोर्ट से निकलते हैं, एक आदमी उनसे उलझ जाता है। उन्हें चोर कहने लगता है। डार के साथ मौजूद उनके एक सहयोगी की उस शख्स के साथ बहस भी होती दिख रही है। वीडियों में भयंकर गाली गलौज भी सुनी जा सकती है। पाकिस्तान के दैनिक डॉन की प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार डार के सहयोगी का नाम मणि बट है और वो पीएमएल-एन के वर्जीनिया के अध्यक्ष थे। डार आईएमएफ और विश्व बैंक की वार्षिक बैठकों में भाग लेने के लिए अमेरिका पहुंचे थे, जहां उनके साथ ये घटना हुई।
यह पहली बार नहीं है कि विदेशी दौरों के दौरान पाकिस्तान में सत्ताधारी दल के नेताओं के साथ इस तरह की घटना हुई है। इससे पहले, पाकिस्तान के सूचना मंत्री मरियम औरंगजेब को पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी के समर्थक कहे जाने वाले कुछ लोगों ने लंदन में घेर लिया था। इस घटना का वीडियो मरियम ने खुद ट्विटर पर शेयर किया था। इसके अलावा पाक के प्रधानमंत्री के सामने भी ऐसे नारे लग चुके हैं। तब शहबाज शरीफ सऊदी अरब की यात्रा पर थे।
