Charlie Kirk Shooting Video: अमेरिका के यूटा विश्वविद्यालय में दक्षिणपंथी एक्टिविस्ट चार्ली किर्क की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। किर्क अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगियों में से एक थे। किर्क पर जानलेवा हमला उस समय हुआ जब वह विश्वविद्यालय परिसर में लोगों को संबोधित कर रहे थे। तभी भीड़ से चलाई गई गोली उन्हें लगी और वे नीचे गिर पड़े। किर्क को गोली लगने और उनके नीचे गिरने की घटना वहां लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है।
गोली लगने पर नीचे गिरे चार्ली
इस वीडियो में किर्क परिसर में खड़े लोगों को संबोधित करते नजर आ रहे हैं। सब कुछ सामान्य है तभी अचानक से उन्हें गोली लगती है और वह नीचे फर्श पर गिर पड़ते हैं। गोली चलने की आवाज और किर्क के नीचे गिरने पर वहां अफरा-तफरी और भगदड़ मचती है और लोग चीखने और चिल्लाने लगते हैं। एफबीआई के निदेशक काश पटेल ने कहा है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
लूसी सेंटर से चलाई गई गोली
रिपोर्टों के मुताबिक आरोपी ने कथित तौर पर लूसी सेंटर से गोलियां चलाईं, जो किर्क के भाषण स्थल से लगभग 200 गज की दूरी पर स्थित एक इमारत है। विश्वविद्यालय से जारी प्रारंभिक अलर्ट में बताया गया था कि संदिग्ध को तुरंत हिरासत में ले लिया गया है और वह यूवीयू का छात्र नहीं है। हालांकि, बाद में विश्वविद्यालय के प्रवक्ता स्कॉट ट्रॉटर ने स्पष्ट किया कि जिस व्यक्ति को हिरासत में लिया गया था, वह शूटर नहीं था। अधिकारियों ने अभी तक असली आरोपी की पहचान या संभावित आरोपों का खुलासा नहीं किया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने दुख जताया
इस घटना के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'महान, और वास्तव में दिग्गज, चार्ली किर्क अब हमारे बीच नहीं रहे। अमेरिका के युवाओं की आत्मा और दिल को चार्ली से बेहतर कोई नहीं समझता था। वह सबके प्यारे और प्रशंसनीय थे, खासकर मेरे। अब वह हमारे बीच नहीं हैं। मेलानिया और मेरी संवेदनाएं उनकी खूबसूरत पत्नी एरिका और परिवार के साथ हैं। चार्ली, हम तुमसे प्यार करते हैं!'
