Canada Hindu Temple vandalised: कनाडा से एक बार फिर हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाया गया है और मंदिर की दीवारों पर खालिस्तान के समर्थन में नारे भी लिखे गए हैं।
यह घटना अलगाववादी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के वैंकूवर में भारत के वाणिज्य दूतावास की तालेबंदी की धमकी से एक दिन पहले हुई है। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस ने बताया गुरुवार सुबह सरे के श्री माता भामेश्वरी मंदिर में तोड़फोड़ की सूचना मिली। मंदिर प्रबंधन के सदस्य रोहित के मुताबिक, मंदिर की दीवारों पर से खालिस्तानी नारे हटा दिए गए हैं।
उच्चायोग को पहले से ही थी आशंका
ओटावा में भारतीय उच्चायोग को इस तरह की घटना की पहले से ही आशंका थी। उच्चयोग ने SFJ की कथित धमकी के बाद कनाडा के विदेश मंत्रालय वैंकूवर में अपने राजनयिक परिसर के लिए कथित खतरे के बारे में सूचित किया था। बता दें, एसएफजे शुक्रवार को वैंकूवर वाणिज्य दूतावास को बंद करने का आह्वान किया था। यह आह्वान खालिस्तान जनमत संग्रह को रद्द करने के विरोध में किया गया था, जो 10 सितंबर को सरे के एक स्कूल में होने वाला था।
जनमत संग्रह का आदेश लिया गया था वापस
बता दें, कनाडाई अधिकारियों ने एक स्कूल में जनमत संग्रह कराने के आदेश को वापस ले लिया था। यह निर्णय तब लिया गया जब कार्यक्रम में हथियारों के फोटो के साथ स्कूल की तस्वीरें भी थीं। कुछ पोस्टर में AK-47 के साथ अन्य हथियारों के भी फोटो थे, जिसके बाद अधिकारियों ने अनुमति रद्द कर दी थी। 10 सितंबर को कोलंबिया शहर के स्कूल में जनमत संग्रह का आयोजन किया गया था।
