इस्लामाबाद में एक शादी समारोह के दौरान हुए एक जोरदार धमाके ने खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। इस दर्दनाक हादसे में दूल्हा-दुल्हन सहित कम से कम आठ लोगों की जान चली गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की है।
किस वजह से हुआ धमाका?
प्रशासन के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि धमाका गैस रिसाव के कारण हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि तीन मकान पूरी तरह ढह गए, जबकि आसपास के दो घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर पीड़ितों की मौत भीषण जलने और मलबे के नीचे दबने की वजह से हुई। हादसे के बाद राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।
इस्लामाबाद प्रशासन ने बताया कि घटनास्थल से गैस पाइपलाइन और कनेक्शन के नमूने जांच के लिए एकत्र कर लिए गए हैं। अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही धमाके की सटीक वजह स्पष्ट हो सकेगी। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।
