दुनिया

11वें ब्रिक्स संसदीय फोरम का हुआ आयोजन; रूस और UAE समेत ये देश हुए शामिल; लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया भारत का नेतृत्व

BRICS : ब्रिक्स के 10 देशों की संसदों ने पहलगाम आतंकी हमलों की कड़ी निंदा की और आतंकवाद के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति पर सहयोग हेतु सहमति जताई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया।

Image

ब्रिक्स संसदीय फोरम में भारत का प्रतिनिधित्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

BRICS Parliamentary Forum: 11वां ब्रिक्स संसदीय फोरम 4–5 जून 2025 को ब्रासीलिया, ब्राज़ील में आयोजित हुआ, जिसमें भारत सहित सभी 10 सदस्य देशों की संसदों के प्रतिनिधिमंडलों ने भाग लिया। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने एक उच्च स्तरीय संसदीय दल के साथ किया। इस वर्ष ब्रिक्स संसदीय मंच में भाग लेने वाले 10 सदस्य देश थे: भारत, ब्राज़ील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र, इथियोपिया और इंडोनेशिया। इन देशों की संसदों के प्रतिनिधियों ने सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी की और संयुक्त घोषणा-पत्र के निर्माण में अहम भूमिका निभाई। गहन विचार-विमर्श और कई दौर की चर्चाओं के उपरांत, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), वैश्विक व्यापार और अर्थव्यवस्था, अंतर-संसदीय सहयोग, वैश्विक शांति और सुरक्षा जैसे प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर व्यापक सहमति बनी।

Om Birla

Om Birla

भारत द्वारा विभिन्न मुद्दों पर प्रस्तुत दृष्टिकोण को सभी देशों द्वारा सराहा गया और उसे सर्वसम्मति से अंतिम संयुक्त घोषणा में शामिल किया गया। विशेष रूप से, आतंकवाद के विरुद्ध भारत की दृढ़ और स्पष्ट नीति को गंभीरता से स्वीकार किया गया। भारत ने सभी प्रकार के आतंकी हमलों की कठोर निंदा की और आतंकवाद के विरुद्ध ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की आवश्यकता को प्रबल रूप से रखा। संयुक्त घोषणा में भारत के पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले की कड़ी शब्दों में निंदा की गई, और यह सहमति बनी कि सभी ब्रिक्स देशों की संसदें आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट होकर कार्य करेंगी। श्री ओम बिरला ने आतंकवादी संगठनों को मिलने वाली आर्थिक सहायता को रोकने, खुफिया जानकारी के आदान-प्रदान, आधुनिक तकनीकों के दुरुपयोग को रोकने तथा जांच और न्यायिक प्रक्रियाओं में सहयोग जैसे विषयों पर साझा प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

वैश्विक शांति और सुरक्षा के मुद्दे पर हुई चर्चा

भारत की नीति और नेतृत्व की विशेष सराहना की गई, और ब्रिक्स संसदों ने इस बात पर बल दिया कि वैश्विक शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी सदस्य देशों की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। श्री ओम बिरला ने अपने संबोधन में विभिन्न विषयों पर भारत का सशक्त और स्पष्ट दृष्टिकोण प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया — प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की स्पष्ट रूप से घोषित और दृढ़ नीति को दोहराते हुए, जिसमें आतंकवाद के विरुद्ध कड़ी और सशक्त प्रतिक्रिया तथा “ज़ीरो टॉलरेंस” की नीति को प्रमुखता से रेखांकित किया गया — विशेष रूप से आतंकवाद के विरुद्ध वैश्विक सहयोग, न्यायोचित एवं संतुलित वैश्विक व्यवस्था, तकनीकी नवाचार में सहभागिता और लोकतांत्रिक संवाद जैसे विषयों पर।

12वें ब्रिक्स संसदीय फोरम के आयोजन पर बनी सहमति

सम्मेलन के समापन पर अगला 12वां ब्रिक्स संसदीय फोरम भारत में आयोजित करने का निर्णय लिया गया और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को औपचारिक रूप से अध्यक्षता सौंपी गई। भारत अब ब्रिक्स देशों की संसदों के बीच सहयोग को और सशक्त बनाने तथा वैश्विक चुनौतियों के समाधान हेतु साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगा। भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने किया। प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे: राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नगर, लोकसभा सांसद विजय बघेल, लोकसभा सांसद विवेक ठाकुर, लोकसभा सांसद डॉ. शबरी बैरेड्डी, लोकसभा महासचिव उत्तपल कुमार सिंह, राज्यसभा महासचिव पी.सी. मोदी तथा लोकसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी। ब्रिक्स के 10 सदस्य देशों के अतिरिक्त, तीन साझेदार देशों — क्यूबा, नाइजीरिया और बेलारूस — ने भी फोरम में भाग लिया। इन देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने चर्चा में भाग लिया और सदस्य देशों की संसदों के साथ साझा हितों और वैश्विक मुद्दों पर संवाद में सक्रिय योगदान दिया।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article