Benjamin Netanyahu : दोहा में हमास के दफ्तर पर हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय आलोचना का सामना कर रहे इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने तेवर में नरमी के संकेत नहीं दिए हैं बल्कि उन्होंने कतर को चेतावनी दी है कि यदि वह दोहा से हमास के पोलित ब्यूरो के सदस्यों को बाहर नहीं करता है तो 'इजरायल इनका हिसाब करेगा।' नेतन्याहू ने कहा कि 'यदि आप उन्हें नहीं निकालेंगे तो हम उन्हें खत्म करेंगे।'
हमास के हमले की तुलना 9/11 से की
टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक सात अक्टूबर 2023 को अपने देश पर हुए हमास के हमले की तुलना अमेरिका के 9/11 से करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि 'होलोकॉस्ट के बाद सात अक्टूबर को यहूदियों पर हुए सबसे बड़े एवं बर्बर हमले आज भी इजरायली लोगों के दिल और दिमाग पर छाए हुए हैं।' नेतन्याहू ने पूछा कि 9/11 के बाद अमेरिका ने क्या किया?
कतर पर आतंकियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया
अमेरिका ने इस हमले के पीछे आतंकियों को मार गिराने का संकल्प लिया। यही नहीं उसने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से एक संकल्प भी पारित कराया कि कोई भी देश आतंकवादियों को संरक्षण नहीं दे सकता। दोहा पर अपने हमले का बचाव करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल ने भी इसी सिद्धांत का पालन किया। नेतन्याहू ने कतर पर आतंकवादियों को संरक्षण, हमास को वित्तीय मदद और इसके नेताओं को बड़ी-बड़ी इमारतें देने का आरोप लगाया।
इजरायल का हमला खाड़ी देशों को चेतावनी-हिज्बुल्ला नेता
इस बीच. लेबनान के चरमपंथी समूह हिज्बुल्ला के नेता ने बुधवार को कहा कि कतर पर इजरायल का हमला खाड़ी देशों के लिए एक चेतावनी है कि अगर क्षेत्र में चमरपंथी समूहों की हार हुई तो भविष्य में उन्हें भी नहीं बख्शा जाएगा। कतर की राजधानी दोहा में फलस्तीनी चरमपंथी समूह हमास के राजनीतिक नेतृत्व पर इजरायल के हमले के बाद हिज्बुल्ला के नेता नईम कासिम ने यह टिप्पणी की । कतर की सरकार गाजा में जारी युद्ध को खत्म कराने में एक मुख्य मध्यस्थ की भूमिका निभा रही है। हमास ने कहा है कि इजरायली हमले में उसके पांच सदस्यों की मौत हुई है। जबकि कतर के एक सुरक्षा अधिकारी की भी जान चली गई है।
हम कतर के साथ हैं-कासिम
कासिम ने कहा, 'हम कतर के साथ हैं जिस पर आक्रमण हुआ है और हम फलस्तीनी प्रतिरोध का भी समर्थन करते हैं।' उन्होंने कहा कि यह हमला मध्य एशिया के एक बड़े हिस्से पर 'ग्रेटर इजरायल' स्थापित करने के इजरायल के प्रयासों का एक हिस्सा है। उन्होंने इजरायल से सामान्य संबंध रखने वाले बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात जैसे खाड़ी के देशों की ओर इशारा करते हुए कहा, 'अगर प्रतिरोध करने वालों को दुश्मन हरा देता है तो अगला नंबर आपका होगा।'
