Bangladesh Blast: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में मंगलवार शाम एक इमारत में ब्लास्ट हो गया। जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई है और 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। कुछ लोगों के फंसे होने की भी आशंका है।
बांग्लादेश में ढाका के गुलिस्तान इलाके में एक बहुमंजिला इमारत में हुए विस्फोट में बाद पूरी बिल्डिंग में आग लग गई। घटना मंगलवार शाम करीब चार बजे की है। ब्लास्ट के बाद 11 फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर मौजूद है और आग बुझाने में जुड़ी है। साथ ही बचाव कार्य भी जारी है। घायल लोगों को ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है।
ढाका के व्यस्त इलाकों में से एक सिद्दीकी बाज़ार में यह इमारत स्थित है। यह एक व्यावसायिक इमारत है, जिसमें कई कार्यालय और स्टोर हैं। एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट का कारण स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि लोग अभी भी फंसे हुए हैं।
स्थानीय मीडिया ने बताया कि विस्फोट के बाद 11 दमकल इकाइयों को मौके पर भेजा गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि विस्फोट से सड़क की दूसरी साइड में खड़ी एक बस को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस निरीक्षक बच्चू मिया ने एएफपी को बताया कि कम से कम 45 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। साथ ही मृतकों में दो महिलाएं हैं। बाकी लोग घायल हैं और उनका इलाज किया जा रहा है।
