दुनिया

दो दिन बाद 'बालेन' शाह ले सकते हैं नेपाल के पीएम पद की शपथ; ऐसा करने वाले होंगे पहले व्यक्ति

बालेन शाह को पहले गुरुवार को प्रतिनिधि सभा के सदस्य के रूप में शपथ दिलाई जाएगी। उन्हें वरिष्ठ सांसद अर्जुन नरसिंह केसी द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद शुक्रवार को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल उन्हें प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।

Image

बालेंद्र शाह शुक्रवार को ले सकते हैं शपथ

दो दिन बाद नेपाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है,दरअसल, शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (Rastriya Swatantra Party-RSP) के नेता बालेन्द्र शाह ‘बालेन’ के पीएम पद की शपथ लेने की संभावना है। आरएसपी के सूत्रों ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगर शुक्रवार को 'बालेन' शाह शपथ ग्रहण करते हैं तो वे नेपाल के सबसे युवा प्रधानमंत्री बन जाएंगे।

राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल दिलाएंगे शपथ

पार्टी सूत्रों के अनुसार,बालेन शाह को पहले गुरुवार को प्रतिनिधि सभा के सदस्य के रूप में शपथ दिलाई जाएगी। उन्हें वरिष्ठ सांसद अर्जुन नरसिंह केसी द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद शुक्रवार को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल उन्हें प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।

पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक भी बुलाई गई

पार्टी सूत्रों ने बताया कि बालेन शाह को प्रधानमंत्री बनने के लिए औपचारिक प्रक्रिया के तहत RSP की संसदीय दल की बैठक में नेता चुना जाएगा। इसके लिए गुरुवार को पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक भी बुलाई गई है। इस बैठक में मंत्रिमंडल के गठन को लेकर भी चर्चा होगी और संभावित मंत्रियों के नाम तय किए जाएंगे।

कल शाम से शुरू हो जाएगी सरकार गठन की प्रक्रिया

वहीं, राष्ट्रपति कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि गुरुवार शाम तक सरकार गठन की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। संविधान के अनुच्छेद 76(1) के तहत RSP को स्पष्ट बहुमत हासिल है,क्योंकि पार्टी ने 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में 182 सीटें जीती हैं।

बालेन शाह का प्रधानमंत्री बनना ऐतिहासिक

बालेन शाह का प्रधानमंत्री बनना कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है। वह न सिर्फ नेपाल के सबसे युवा प्रधानमंत्री होंगे,बल्कि मधेस क्षेत्र से आने वाले पहले व्यक्ति भी होंगे,जो देश के सर्वोच्च कार्यकारी पद पर पहुंचेंगे।

रैपर से राजनीति में आए बालेन

बालेन शाह का राजनीतिक सफर पारंपरिक नेताओं से अलग रहा है। वह पहले एक रैपर के रूप में लोकप्रिय हुए और बाद में राजनीति में आए। हाल ही में हुए आम चुनाव में उन्होंने चार बार प्रधानमंत्री रह चुके के.पी. शर्मा ओली को झापा-5 सीट से बड़े अंतर से हराया,जो ओली का मजबूत गढ़ माना जाता था। बता दें कि नेपाल में हालिया चुनाव बीते साल हुए 'Gen Z'प्रदर्शनों के बाद पहला आम चुनाव था,जिसमें युवाओं ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन और नई पीढ़ी के नेतृत्व की मांग की थी।सूत्रों ने यह भी बताया कि बालेन शाह के मंत्रिमंडल में 15 से 18 मंत्री शामिल हो सकते हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article