न्‍यूयार्क में सिख टैक्‍सी ड्राइवर पर हमले से लोगों में गुस्‍सा, भारतीय मिशन की आपत्ति के बाद विदेश विभाग ने जारी किया बयान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 9, 2022, 09:32 AM IST

अमेरिका में न्‍यूयार्क के जेएफके एयरपोर्ट पर सिख टैक्सी ड्राइवर पर हमले की घटना से लोगों में जहां नाराजगी है, वहीं भारत के महावाणिज्य दूतावास ने इसे 'बेहद परेशान करने वाला' बताया है। इस पर अब अमेरिकी विदेश विभाग ने भी बयान जारी किया है, जिसमें घटना की निंदा की गई है।

न्‍यूयार्क में सिख टैक्‍सी ड्राइवर पर हमले से लोगों में गुस्‍सा, भारतीय मिशन की आपत्ति के बाद विदेश विभाग ने जारी किया बयान
Photo Credit: AP, File Image

न्यूयॉर्क : अमेरिका में न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी (JFK) अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहर एक सिख टैक्सी ड्राइवर पर हमले को लेकर यहां लोगों में भारी नाराजगी है। भारत के महावाणिज्य दूतावास ने इसे 'बेहद परेशान करने वाला' करार देते हुए इस मामले को अमेरिकी अधिकारियों के समक्ष उठाया है और उनसे घटना की जांच करने को कहा, जिसके बाद अब अमेरिका के विदेश विभाग ने भी इसकी निंदा की है और कहा कि नफरत आधारित किसी भी हिंसा को स्‍वीकार नहीं किया जाएगा।

न्‍यूयार्क के JFK इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाहर एक सिख टैक्सी ड्राइवर के साथ मारपीट की घटना 4 जनवरी को उस वक्‍त लोगों के सामने आई थी, जब इस संबंध में एक वीडियो ट्विटर पर अपलोड किया गया। नवजोत पाल कौर के ट्विटर हैंडल से 26 सेकंड का यह वीडियो अपलोड किया गया था, जिसमें कुछ लोगों को एयरपोर्ट के बाहर सिख ड्राइवर के साथ मारपीट करते देखा गया। इस वीडियो पर कोई तारीख नहीं है और इसलिए हमला कब हुआ, इस बारे में इससे कोई संकेत नहीं मिला है।

ट्विटर पर आया था वीडियो

वीडियो में सिख टैक्‍सी ड्राइवर के साथ मारपीट करने वाले शख्‍स को उसके लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते सुना जा सकता है। साथ ही वह ड्राइवर को बार-बार पीटते और मुक्के मारते दिख रहा है। उसने सिख ड्राइवर की पगड़ी भी गिरा दी। इस वीडियो के सामने आने के बाद न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने भी इसे लेकर रोष जताया और वीडियो को 'बेहद परेशान करने वाला' करार देते हुए अमेरिकी अधिकारियों से घटना की जांच करने की अपील की।

भारतीय महावाणिज्य दूतावास की ओर से आपत्ति के बाद अब अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से बयान जारी किया गया है, जिसमें नफरत आधारित सभी तरह की हिंसक घटनाओं की निंदा की गई है। विदेश विभाग के दक्षिण व मध्‍य एशिया मामलों के ब्‍यूरो ने घटना की निंदा करते हुए कहा है, हेट-क्राइम के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और उन्‍हें जवाबदेह ठहराना हम सभी की जिम्‍मेदारी है। इसमें यह मायने नहीं रखता कि इस तरह के अपराध कहां हुए। हमारी विविधता ही अमेरिका को मजबूत बनाती है।

End of Article