Oklahoma Hospital Firing: अमेरिका के ओक्लाहोमा में अस्पताल परिसर में फायरिंग, शूटर समेत 5 लोगों की मौत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 2, 2022, 08:38 AM IST

Oklahoma Hospital Firing: अमेरिका में बुधवार को एक अस्पताल परिसर में हुई गोलीबारी की घटना में शूटर समेत पांच लोगों की मौत हो गई। इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Oklahoma Hospital Firing: अमेरिका के ओक्लाहोमा में अस्पताल परिसर में फायरिंग, शूटर समेत 5 लोगों की मौत
Photo Credit: AP

Oklahoma Hospital Firing: अमेरिका के ओक्लाहोमा राज्य के तुलसा शहर में बुधवार को एक अस्पताल परिसर में हुई गोलीबारी की घटना में शूटर समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि इस घटना में कई लोग घायल हो गए। तुलसा पुलिस ने कहा कि सेंट फ्रांसिस अस्पताल परिसर में शूटर समेत पांच लोग मारे गए हैं। घटना स्थानीय समयानुसार शाम करीब छह बजे की है। हमलावर राइफल से लैस था। वह सेंट फ्रांसिस अस्पताल परिसर में नताली मेडिकल बिल्डिंग में घुस गया। पुलिस ने एक फेसबुक पोस्ट में इस बात की पुष्टि की कि शूटर मारा गया है।

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया

हालांकि अभी ये साफ नहीं हो पाया है कि शूटर की मौत कैसे हुई। मीडिया रिपोर्ट्स को मुताबिक शूटर ने गोलीबारी करने के बाद खुद को गोली मारी है। पुलिस अधिकारी अब नताली मेडिकल बिल्डिंग के हर कमरे की जांच कर रहे हैं। वहीं गोलीबारी की घटना में घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी शूटर की पहचान नहीं हुई है।

अमेरिका में हाल ही में गोलीबारी की घटनाएं काफी तेजी से बढ़ीं

तुलसा पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि हमालावर के पास एक लंबी बंदूक और एक हैंडगन थी। हालांकि उसने हमला क्यों किया, इसका अभी पता नहीं चल सका है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को गोलीबारी की घटना के बारे में जानकारी दे दी गई है। अमेरिका में हाल ही में गोलीबारी की घटनाएं काफी तेजी से बढ़ी हैं। 

दो दिन में फायरिंग की ये दूसरी घटना है। इससे पहले सोमवार को न्यू ऑरलियन्स में जेवियर यूनिवर्सिटी के कैंपस में मॉरिस जेफ हाई स्कूल के ग्रेजुएशन समारोह के बाहर गोलीबारी की घटना में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि दो पुरुष घायल हो गए। मामले में संदिग्ध को हिरासत में लिया गया था। 8 दिन पहले टेक्सास के उवाल्डे के एक स्कूल में 18 साल के एक लड़के ने फायरिंग कर दी थी। इस हादसे में 19 छात्रों समेत 23 लोगों की मौत हो गई थी।

End of Article