इमरान खान ने दी 'पाकिस्तान के तीन हिस्सों में टूटने' की धमकी, कहा-देश में छिड़ जाएगा 'गृहयुद्ध', पीएम शहबाज का पलटवार- अपनी हद में रहें

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 2, 2022, 06:02 PM IST

Imran Khan threatens: इमरान खान ने धमकी दी है कि अगर चुनाव की घोषणा नहीं की गई तो पाकिस्तान में गृहयुद्ध की स्थिति छिड़ सकता है, उनकी इस धमकी पर पीएम शहबाज शरीफ ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

इमरान खान ने दी 'पाकिस्तान के तीन हिस्सों में टूटने' की धमकी, कहा-देश में छिड़ जाएगा 'गृहयुद्ध', पीएम शहबाज का पलटवार- अपनी हद में रहें

नई दिल्ली: पाकिस्तान में अपनी सरकार गंवाने के बाद पूर्व वजीर-ए-आजम इमरान खान ने जल्द इलेक्शन न कराए जाने पर देश में गृहयुद्ध (civil war) छिड़ने की धमकी दी है। निजी समाचार समूह 'बोल न्यूज' को दिए गए एक साक्षात्कार में इमरान खान ने सरकार से 'सही निर्णय' लेने का आग्रह किया और चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान को अपनी परमाणु प्रतिरोधक क्षमता खोनी पड़ी, तो वह 'तीन टुकड़ों' में विभाजित हो जाएगा।

क्रिकेटर से नेता बने खान ने यह भी कहा कि मौजूदा राजनीतिक स्थिति देश के साथ-साथ सरकार के लिए भी एक समस्या है। उन्होंने कहा, 'अगर सरकार सही निर्णय नहीं लेती है तो मैं (आपको) लिखित रूप में आश्वासन दे सकता हूं कि (किसी और से पहले) वह और सेना नष्ट हो जाएगी क्योंकि अगर देश दिवालिया हो गया तो देश का क्या होगा।'

'देश 'खुदकुशी की ओर' जा रहा है'

उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान कर्ज न चुका पाने की ओर जा रहा है। अगर ऐसा होता है तो कौन सी संस्था (सबसे बुरी तरह) प्रभावित होगी? सेना। इसके प्रभावित होने के बाद, हमसे क्या रियायत ली जाएगी? परमाणु निरस्त्रीकरण।' उन्होंने कहा कि देश 'खुदकुशी की ओर' जा रहा है और सरकार को 'सही निर्णय' लेने की आवश्यकता है।

पाकिस्तान के 'तीन टुकड़ों में टूटने की' इमरान खान की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बृहस्पतिवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री 'सार्वजनिक पद के योग्य नहीं' हैं। फिलहाल तुर्की की यात्रा कर रहे प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ सुप्रीमो पर 'देश के खिलाफ धमकी' देने का आरोप लगाया, और अपने पूर्ववर्ती को 'पाकिस्तान के विभाजन के बारे में बात करने' के खिलाफ चेतावनी दी।

PM शहबाज भड़के कहा- 'पाकिस्तान के बंटवारे के बारे में बात मत कीजिए'

प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, 'जब मैं तुर्की में समझौते पर हस्ताक्षर कर रहा हूं, इमरान नियाज़ी देश के खिलाफ धमकियां दे रहे हैं। नियाज़ी सार्वजनिक पद के लिए अयोग्य हैं और इसके लिये अगर किसी भी सबूत की जरूरत थी, तो उनका नवीनतम साक्षात्कार पर्याप्त है।' उन्होंने अपने ट्वीट में इमरान खान को चेतावनी दी, 'अपनी राजनीति कीजिए लेकिन सीमा लांघने की हिमाकत और पाकिस्तान के बंटवारे के बारे में बात मत कीजिए।'

'इमरान खान, इस दुनिया में सत्ता ही सब कुछ नहीं है'

पीएमएल-एन के ट्विटर हैंडल पर साझा किए गए एक अलग बयान में, शहबाज शरीफ को यह कहते हुए उद्धृत किया गया था कि खान की टिप्पणी इस बात का सबूत है कि पीटीआई प्रमुख 'एक साजिश में शामिल थे, राजनीति में नहीं।' पीएमएल-एन के ट्वीट में शरीफ के हवाले से कहा गया, 'यह बयान नहीं है बल्कि देश में अराजकता और विभाजन की आग भड़काने की साजिश है।' इससे पहले, खान की टिप्पणी की निंदा करते हुए, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के सह-अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी ने ट्वीट कर कहा, 'इमरान खान, इस दुनिया में सत्ता ही सब कुछ नहीं है। बहादुर बनो और अपने पैरों पर खड़े होकर राजनीति करना सीखो।'

End of Article