Hamas Rocket Attack: इजरायल पर रॉकेट की बौछार, हमास के हमले में भारतीय महिला की जान गई 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 12, 2021, 08:07 AM IST

अदिमाली के समीप कांजीरमथानम की रहने वाली सौम्या गाजा स्ट्रिप में एश्केलॉन के एक घर में केयरटेकर का काम कर रही थी। हमास के हमले में सौम्या सहित दो महिलाओं की जान गई है।

Hamas Rocket Attack: इजरायल पर रॉकेट की बौछार, हमास के हमले में भारतीय महिला की जान गई 

येरूशलम : इजरायल और फलस्तीन के बीच संघर्ष तेज होता जा रहा है। गाजा पर नियंत्रण रखने वाले हमास की तरफ से इजरायल के दक्षिण इलाकों को निशाना बनाकर किए गए रॉकेट हमलों में एक भारतीय सहित दो महिलाएं मारी गई हैं। जबकि दर्जन भर लोग घायल हुए हैं। हमले में मारी गई भारतीय महिला की पहचान केरल के इदुक्की जिले की सौम्या संतोष (30) के रूप में हुई है। सौम्या इजारयल में केयरटेकर का काम करती थी। रिपोर्टों के मुताबिक हमास की ओर से दागे गए मोर्टार हमले की चपेट में आने से सौम्या की जान गई।  

गाजा में केयर टेकर का काम करती थी सौम्या
अदिमाली के समीप कांजीरमथानम की रहने वाली सौम्या गाजा स्ट्रिप में एश्केलॉन के एक घर में केयरटेकर का काम कर रही थी। हमास के हमले में सौम्या सहित दो महिलाओं की जान गई है। यह हमला शाम के करीब साढ़े पांच बजे के करीब हुआ। सौम्या पिछले सात वर्षों से इजरायल में काम कर रही थी। वह पिछली बार अपने परिवार से मिलने के लिए 2017 में भारत आई थी। 

हमास और इजरायल के बची संघर्ष तेज हुआ
हमास और इजरायल के बीच सोमवार शाम से संघर्ष तेज हो गया है। हमास ने इजरायल को निशाना बनाते हुए सैकड़ों रॉकेट दागे हैं जबकि इजरायल ने हवाई हमलों के जरिए उसे जवाब दिया है। मंगलवार को हमास ने कहा कि उसने पांच मिनट के अंदर इजरायल की तरफ 137 रॉकेट दागे। इसके दो घंटे बाद एक अन्य हमले में दो महिलाएं मारी गईं। 

रॉकेटों को इंटरसेप्ट करने से चूका डिफेंस सिस्टम
'द टाइम्स ऑफ इजरायल' की रिपोर्ट के मुताबिक रॉकेट हमले के समय आयरन डोम मिसाइल डिफेंस सिस्टम बैटरी में कुछ तकनीकी दिक्कत आ गई जिसके चलते यह डिफेंस सिस्टम कुछ रॉकेटों को इंटरसेप्ट करने से चूक गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस तकनीकी खामी की वजह से रॉकेट तटवर्ती शहर की तरफ गिरे होंगे जिसमें दो महिलाओं की जान गई। हमास की तरफ से जारी हमलों को देखते हुए इजरायल के डिफेंस फोर्स ने लोगों से सुरक्षित इलाकों में रहने के लिए कहा है। 

हमास ने इजरायल की तरफ 630 रॉकेट दागे
बताया जा रहा है कि सोमवार शाम से मंगलवार दोपहर तक हमास ने इजरायल की तरफ 630 रॉकेट दागे हैं। सेना के मुताबिक इनमें से 200 रॉकेट्स को डोम मिसाइल डिफेंस बैटरीज ने इंटरसेप्ट किया जबकि 150 के करीब रॉकेट अपने निशाने से चूकते हुए गाजा स्ट्रिप के भीतरी इलाके में गिरे। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र ने इजरायल से संयम बरतने और गाजा में कम बल का इस्तेमाल करने का अनुरोध किया है।  

End of Article