Shinzo Abe : जापान के पूर्व PM शिंजो आबे को गोली मारी, हालत बेहद नाजुक, देश को संबोधित करेंगे किशिदा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 8, 2022, 10:10 AM IST

Shinzo Abe : जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे पर हमला होने की खबर है। जापानी मीडिया के हवाले से कहा गया है कि जापान के नारा शहर में उन पर हमला हुआ है।

Shinzo Abe : जापान के पूर्व PM शिंजो आबे को गोली मारी, हालत बेहद नाजुक, देश को संबोधित करेंगे किशिदा
Photo Credit: AP

Shinzo Abe : जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे को गोली मारने की खबर है। उन पर हमला उस वक्त हुआ जब वह नारा शहर में भाषण दे रहे थे। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, इस बारे में जापान की सरकार की तरफ से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस ने एस संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। स्थानीय रिपोर्टों में कहा गया है कि लोगों ने गोलियां चलने की आवाज सुनी हैं। आबे को पीछे से गोली मारी गई। जापानी मीडिया के मुताबिक उनके शरीर में हरकत नहीं देखी जा रही है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। थोड़ी देर में जापान के पीएम फुमियो किशिदा देश को संबोधित करेंगे। बताया जा रहा है कि अपने इस संबोधन में वह आबे की हालत पर जानकारी देंगे।  

आबे के सीने में गोली लगी  
रिपोर्टों के अनुसार एक चश्मदीद का कहना है कि भाषण के दौरान आबे मुर्छित होकर गिर गए। आबे जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहे हैं। शुरुआती रिपोर्टों में उनके सीने में दो गोली लगने की बात कही गई। बताया जा रहा है कि आबे को पीछे से गोली लगी है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। पुलिस ने इलाके को चारो तरफ से घेर लिया है।

गोली लगने के बाद आबे सांस नहीं चल रही थी-दमकल विभाग
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबकि जापान के दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गोली लगने के बाद आबे को जब एयरलिफ्ट कर अस्पताल लाया जा रहा था तब वह सांस नहीं ले रहे थे और उनके हृदय ने काम करना बंद कर दिया था। वहीं, जापान के पीएम फुमियो किशिदा आबे को गोली लगने की जानकारी मिलने के बाद चुनाव प्रचार बीच में छोड़कर टोक्यो वापस आ रहे हैं।  

हमलावर का नाम यामागामी-रिपोर्ट
स्थानीय रिपोर्टों में कहा गया है कि हमलावर को हत्या एवं हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्हें शॉटगन से बायीं तरफ से पीछे से गोली मारी गई। एक महिला प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि भाषण देते समय आबे को गोली लगी। दूसरी गोली लगने के बाद वह नीचे गिर पड़े। गोली मारने के बाद हमलावर अपनी बंदूक छोड़कर वहां से भागने की कोशिश की। हमलावर को पकड़े जाने की तस्वीरें भी सामने आई हैं। हमलावर का नाम यामागामी बताया जा रहा है। उसकी उम्र 40 साल के आसपास है। रिपोर्टों के मुताबिक गोली लगने  के बाद दिल का दौरा भी पड़ा और अस्पताल ले जाते समय वह होश में थे।   

आबे के शरीर में हरकत नहीं हो रही-रिपोर्ट
गोली चलने के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागते नजर आए। आनन-फानन में आबे को अस्पताल ले जाया गया। समाचार एजेंसी एएफपी ने स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के हवाले से कहा है कि गोली लगने के बाद आबे की हालत काफी गंभीर हो गई है। बताया जा रहा है कि गोली लगने से उनके शरीर से काफी खून बहा है। 

आबे के पीछे से गोली चलाई गई
जापानी मीडिया के अनुसार आबे अपनी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्‍मीदवार के समर्थन में भाषण देने के लिए नारा प्रांत पहुंचे थे। इसी दौरान करीब सुबह 11: 30 बजे उन पर पीछे से गोली चलाई गई। जापानी मीडिया के मुताबिक उनके शरीर में हरकत नहीं देखी जा रही है और वह जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पकड़े गए संदिग्ध के पास से हथियार बरामद हुआ है। 

End of Article