दुनिया

दो साल पहले सपनों की तलाश में गए थे अमेरिका, आग की लपटों में बुझ गई गुजरात के एक ही परिवार की तीन जिंदगियां

Three Gujaratis Died In America: गुजरात के खेड़ा जिले (नडियाद) के रहने वाले एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अमेरिका के वुस्टर स्थित 'इकोनो लॉज' मोटल में आग लगने से मौत हो गई। मृतकों में हितेशभाई सुथार, उनकी पत्नी हिनाबेन और 20 वर्षीय बेटी ईशानी शामिल हैं।

Image

अमेरिका में तीन गुजरातियों की मौत

Photo : Times Now Digital

Three Gujaratis Died In America: विदेश जाकर एक बेहतर जिंदगी का सपना देखने वाले गुजरात के एक परिवार का अंत बेहद दुखद और दिल दहला देने वाले तरीके से हुआ। अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य के वुस्टर शहर से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां 'इकोनो लॉज' (Econo Lodge) मोटल (US Motel Fire Gujarati Family) में लगी भीषण आग की चपेट में आने से नडियाद के एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई।

मूल रूप से गुजरात के खेड़ा जिले के नडियाद के रहने वाले हितेशभाई सुथार, उनकी पत्नी हिनाबेन और उनकी 20 साल की जवान बेटी ईशानी करीब दो साल पहले ही सुनहरे भविष्य की उम्मीद लेकर अमेरिका आए थे। हितेशभाई इसी मोटल में काम करते थे और अपने परिवार के साथ मोटल के ही एक कमरे में रह रहे थे।

बाथरूम में खुद को किया बंद

हादसा रात के करीब 1:30 बजे हुआ, जब पूरा परिवार गहरी नींद में था। अचानक मोटल में आग लग गई और चारों तरफ धुआं फैल गया। कमरा आग की लपटों से घिर जाने के कारण परिवार बाहर नहीं निकल पाया। घबराहट में उन्होंने कमरे के फोन से मोटल के रिसेप्शन डेस्क पर कॉल करके मदद की गुहार लगाई। डेस्क पर मौजूद कर्मचारी ने उन्हें सुरक्षित रहने के लिए एक उपाय सुझाया कि वे कमरे के बाथरूम में चले जाएं, वहां का नल-शावर (पानी) चालू कर दें और खुद को अंदर बंद कर लें।

दम घुटने से तीनों की मौत

मासूम परिवार ने जान बचाने के लिए ठीक वैसा ही किया। उन्होंने खुद को बाथरूम में कैद कर लिया और पानी चालू कर दिया ताकि आग की तपिश उन तक न पहुंचे। लेकिन बदकिस्मत से आग इतनी भयानक थी कि उस पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड को काफी समय लग गया। काफी देर तक धुएं के गुबार के बीच फंसे रहने के कारण अंततः बाथरूम के भीतर ही दम घुटने से तीनों की मौत हो गई। इस दुखद घटना की खबर जैसे ही नडियाद में उनके पैतृक निवास पर पहुंची, वहां कोहराम मच गया।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article