Air India Flight: आपात स्थिति में रूस के मगदान शहर में उतारा गया एयर इंडिया का विमान अपने गंतव्य सैन फ्रांसिस्को पहुंच गया है। एयर इंडिया ने कहा कि सैन फ्रांसिस्को पहुंचे सभी यात्रियों को निकासी औपचारिकताएं पूरी करने सहित अन्य मदद मुहैया कराई जा रही हैं। वहीं, एयर इंडिया ने कहा है कि वह रूस के सुदूर पूर्व इलाके में उतारी गई अपनी दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को उड़ान के सभी यात्रियों को टिकट का पूरा पैसा लौटाएगी।
दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रहा एयर इंडिया के विमान ने गुरुवार को सभी 232 यात्रियों के साथ अपने गंतव्य के लिए उड़ान भरी थी। इसे आपात स्थिति में रूस के सुदूर मगदान शहर में उतारा गया था। अधिकारी ने बताया कि इंजन में खराबी आने के बाद विमान को रूस के सुदूर मगदान शहर में आपात स्थिति में उतारना पड़ा था।
इंजन में आई थी खराबी
टाटा समूह के स्वामित्व वाली निजी विमानन कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार, दिल्ली से उड़ान भरने वाले विमान एआई173 को इंजन में खराबी के कारण रूस की ओर मोड़ा गया था। बोइंग 777-200 एलआर में 216 यात्री और चालक दल के 16 सदस्य सवार थे। विमान सुरक्षित मगदान में उतरा।
8 जून देर रात तक पहुंचेगा सैन फ्रांसिस्को
एयर इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विमान एआई173डी सभी यात्रियों व चालक दल के सदस्यों के साथ रूस के मगदान (जीडीएक्स) से सैन फ्रांसिस्को (एसएफओ) रवाना हो गया है। उन्होंने बताया कि विमान जीडीएक्स से आठ जून को स्थानीय समायानुसार 10 बजकर 27 मिनट पर रवाना हुआ, उसके आठ जून को देर रात सवा 12 बजे (स्थानीय समायानुसार) सैन फ्रांसिस्को पहुंचने की उम्मीद है।
एयर इंडिया के अतिरिक्त कर्मचारी तैनात
विमान के वहां पहुंचने पर सभी यात्रियों के लिए निकासी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए एयर इंडिया ने अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए हैं। उन्होंने बताया कि एसएफओ का दल यात्रियों को सभी जरूरी सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है, जिसमें चिकित्सकीय देखभाल, परिवहन संबंधी सुविधाएं आदि शामिल हैं।
अमेरिकी यात्री भी विमान में सवार
एयर इंडिया की उड़ान संख्या एइआई-173 छह जून को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को के लिए रवाना हुई थी तभी विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी की जानकारी मिली। विमान में 216 यात्री और चालक दल के 16 सदस्य सवार थे और उसे रूस के मगादान हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया। वहीं, अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा कि इस विमान में अमेरिकी नागरिक हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह विमान अमेरिका आ रहा था तो जाहिर है कि इसमें अमेरिकी नागरिक हो सकते हैं।
