Shehbaz Sharif On Indus Waters Treaty: पाकिस्तानी आर्मी चीफ आसिम मुनीर की तर्ज पर अब पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी भारत के खिलाफ जहर उगला है। शहबाज ने सिंधु जल संधि पर भारत को गीदड़भभकी दी है। शहबाज शरीफ ने मंगलवार को कहा कि दुश्मन को पाकिस्तान के पानी की एक बूंद भी नहीं छीनने दी जाएगी। पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई दंडात्मक कदम उठाए हैं, जिनमें 1960 की सिंधु जल संधि (IWT) को स्थगित करना भी शामिल था। वहीं, पाकिस्तान ने बार-बार गीदड़भभकी दी है कि उसकी ओर जल प्रवाह को रोकने की किसी भी कोशिश को युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा।
शहबाज शरीफ की गीदड़भभकी
समाचार एजेंसी पीटीआई ने इस्लामाबाद में एक समारोह में शहबाज शरीफ के हवाले से कहा, मैं आज दुश्मन से कहना चाहता हूं कि अगर तुम हमारा पानी रोकने की धमकी देते हो, तो यह बात याद रखना कि तुम पाकिस्तान की एक बूंद भी नहीं छीन सकते। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर भारत ने ऐसी कोई कोशिश की, तो तुम्हें फिर से ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि तुम कान पकड़कर बैठ जाओगे। शहबाज शरीफ की धमकी पर भारत की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई।
शरीफ का यह बयान पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो-जरदारी द्वारा इसी तरह की टिप्पणी करने के एक दिन बाद आया है। बिलावल ने भी सिंधु जल संधि के निलंबन को सिंधु घाटी सभ्यता पर हमला बताया था और कहा था कि अगर भारत ने पाकिस्तान को युद्ध के लिए मजबूर किया तो वह पीछे नहीं हटेगा।
आसिम मुनीर ने पार की हदें
इससे पहले फ्लोरिडा के टैम्पा में पाकिस्तानी प्रवासियों को संबोधित करते हुए पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने गीदड़भभकी देते हुए कहा कि अगर कोई बांध पाकिस्तान में पानी का प्रवाह रोकेगा, तो इस्लामाबाद उसे नष्ट कर देगा। डॉन अखबार ने आसिम मुनीर के हवाले से कहा कि हम भारत द्वारा बांध बनाने का इंतजार करेंगे, और जब वे ऐसा करेंगे, तो हम उसे नष्ट कर देंगे। उन्होंने कहा कि सिंधु नदी भारतीयों की पारिवारिक संपत्ति नहीं है। नदी को रोकने की भारतीय साजिशों को विफल करने के लिए हमारे पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है। इसके साथ ही मुनीर ने कहा कि पाकिस्तान के पास परमाणु बम है और वह अपने साथ आधी दुनिया को ले डूबेगा।
मुनीर पर भारत का पलटवार
इस पर पलटवार करते हुए विदेश मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि मुनीर की भारत के खिलाफ ताजा परमाणु धमकी ने उस देश में परमाणु कमान और नियंत्रण पर गहरी शंकाओं को और पुख्ता कर दिया है, जहां सेना आतंकवादी समूहों के साथ मिलीभगत रखती है। नई दिल्ली किसी भी परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगी। परमाणु हथियारों को लहराना पाकिस्तान की फितरत रही है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत अपनी सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाता रहेगा।
