दुनिया

दक्षिणी स्पेन में मिला 23 हजार साल पुराना मानव जीनोम, होंगे अहम खुलासे

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 3, 2023, 06:09 PM IST

वैज्ञानिकों ने दक्षिण स्पेन के आंदालुसिया में स्थित कई पुरातात्विक स्थलों से बरामद प्राचीन मानव डीएनए का विश्लेषण किया है।

Image

दक्षिणी स्पेन में एक व्यक्ति का 23,000 साल पुराना जीनोम डेटा बरामद किया

Photo : iStock

अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिकों के एक दल ने दक्षिणी स्पेन में एक व्यक्ति का 23,000 साल पुराना जीनोम डेटा बरामद किया है। माना जा रहा है कि यह व्यक्ति आखिरी हिमयुग के चरम पर संभवत: यूरोप के सबसे गर्म स्थान पर रहता था। अनुसंधानकर्ताओं के मुताबिक, सबसे पुराना मानव जीनोम दक्षिण स्पेन के कुएवा डेल मलालमुएर्जो से बरामद हुआ है। इसके अलावा, देश के कुएवा डी अर्डेल्स सहित अन्य स्थानों से प्राचीन किसानों का सात हजार से पांच हजार साल पुराना जीनोम मिला है।

डीएनए अलग करना वैज्ञानिकों के लिए बड़ी चुनौती

वैज्ञानिकों ने दक्षिण स्पेन के आंदालुसिया में स्थित कई पुरातात्विक स्थलों से बरामद प्राचीन मानव डीएनए का विश्लेषण किया है। उन्होंने कहा कि स्पेन के दक्षिणी हिस्से से बरामद सबसे पुराना मानव जीनोम यूरोप के अनुवांशिक इतिहास में रहस्य की एक और कड़ी जोड़ता है। दरअसल, किसी जीव की मौत के बाद उसका डीएनए अनुकूल जलवायु परिस्थितियों में केवल निर्धारित अवधि के लिए सुरक्षित रहता है। गर्म और शुष्क जलवायु में प्राचीन अवशेषों से डीएनए अलग करना वैज्ञानिकों के लिए बड़ी चुनौती है।

आंदालुसिया में जलवायु परिस्थितियां उत्तरी अफ्रीका के समान हैं। हालांकि, उत्तर अफ्रीकी देश मोरक्को की एक गुफा से मनुष्य का 14,000 साल पुराना डीएनए सफलतापूर्वक बरामद किया गया था। वैज्ञानिकों ने कहा कि शोधकर्ता अब आखिरी हिम युग के दौरान जिब्राल्टर के जलडमरूमध्य में हिम युग आबादी के शरण लेने के लिए दक्षिणी इबेरियन प्रायद्वीप के चयन की वजह और अलग-अलग समुदायों के बीच संपर्क बिंदुओं का पता लगा सकते हैं, जब समुद्र का स्तर आज की तुलना में बहुत कम था।

मध्य और दक्षिणी यूरोप के लोगों का आनुवंशिक वंश, जो अंतिम हिम युग यानी आज से 24,000 से 18,000 साल पहले अस्तित्व में थे, उन लोगों से अलग है, जो यूरोप में बाद में बसे। हालांकि, उस महत्वपूर्ण अवधि के जीनोम डेटा के अभाव के कारण अब तक पश्चिमी यूरोप की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी। कुएवा डेल मलालमुएर्जो से बरामद मानव जीनोम का 23 हजार साल पुराना अवशेष अंतत: उस समय का डेटा उपलब्ध कराता है, जब यूरोप का बड़ा हिस्सा बर्फ की बड़ी चट्टानों से ढंका हुआ था।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article