दुनिया

पाकिस्तान में जीना दुश्वार: होली मना रहे हिंदू छात्रों पर कट्टरपंथियों ने किया हमला, 15 घायल

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 7, 2023, 02:38 PM IST

पाकिस्तान में हिंदुओं पर हमले का सिलसिला जारी है। ऐसी ही मामला पंजाब यूनिवर्सिटी में सामने आया है। यहां हिंदू समुदाय और परिषद के सदस्यों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद होली का आयोजन किया था, बावजूद इसके उनपर हमला हुआ।

Image

होली मना रहे हिंदू छात्रों पर हमला

Photo : ANI

Hindu students attacked in Pakistan: पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों खासकर हिंदुओं का जीना दिन ब दिन दुश्वार होता जा रहा है। होली के दिन भी हिंदुओं को निशाना बनाया गया है। यहां पंजाब यूनिवर्सिटी में होली मना रहे छात्रों पर कट्टरपंथी संगठन के कार्यकर्ताओं ने हमला किया जिसमें 15 छात्र घायल हो गए। पाकिस्तान में इस तरह का यह पहला मामला नहीं है।

IJT के कार्यकर्ताओं ने हमला किया

डॉन की खबर के मुताबिक, पंजाब विश्वविद्यालय के नए परिसर में सोमवार को इस्लामी जमीयत तुलबा (IJT) के कार्यकर्ताओं ने हमला कर कम से कम 15 हिंदू छात्रों को घायल कर दिया। सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म पर कई वीडियो सामने आए हैं जिसमें दिखाया गया कि छात्रों को होली मनाने के लिए प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद भी आईजेटी द्वारा हिंदू समुदायों पर हमला किया जा रहा है।

हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए पुलिस में आवेदन दिया गया है। डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ वीडियो में यह भी दिखाया गया है कि सुरक्षा गार्ड डंडे लेकर छात्रों को पीट रहे हैं और वे घटनास्थल से भाग रहे हैं। घटना के बारे में सिंध परिषद के महासचिव काशिफ ब्रोही ने कहा कि हिंदू समुदाय और परिषद के सदस्यों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद होली का आयोजन किया था।

पीयू लॉ कॉलेज के बाहर हुआ हमला

उन्होंने कहा कि छात्रों द्वारा अपने फेसबुक पेज पर होली उत्सव के निमंत्रण पोस्ट करने के बाद IJT कार्यकर्ताओं ने धमकियां देना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि सोमवार सुबह सिंध काउंसिल और हिंदू समुदाय के सदस्य होली मनाने के लिए पीयू लॉ कॉलेज के बाहर इकट्ठा हुए थे, तभी आईजेटी कार्यकर्ताओं ने बंदूक और डंडों से उन पर हमला कर दिया। ब्रोही ने कहा कि छात्र बाद में कुलपति के कार्यालय के बाहर विरोध करने के लिए इकट्ठा हुए, तो सुरक्षा गार्ड डंडे लेकर वहां आए और उन्हें पीटना शुरू कर दिया।

IJT ने किया आरोपों से इनकार

डॉन के अनुसार, उन्होंने कहा कि सुरक्षा गार्डों ने भी चार से पांच छात्रों को अपनी वैन में बिठा लिया और उन्हें अपना शांतिपूर्ण विरोध रिकॉर्ड करने की अनुमति नहीं दी। उन्होंने कहा कि IJT कार्यकर्ताओं और सुरक्षा गार्डों को प्रताड़ित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज करने के लिए प्रशासन और पुलिस को एक आवेदन दिया गया है। हालांकि, IJT के प्रवक्ता इब्राहिम शाहिद ने डॉन को बताया कि उन्होंने हिंदू समुदाय के सदस्यों को होली मनाने से नहीं रोका। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि हमलावरों ने उनके नाम का इस्तेमाल किया हो लेकिन आईजेटी ने नहीं किया होगा। IJT अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों के लिए उनके धार्मिक आयोजनों को आयोजित करने के लिए समानता सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा गार्डों ने छात्रों पर हमला किया होगा और IJT का इससे कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि वे परिसर में दार-ए-कुरान का आयोजन कर रहे थे और वहां मौजूद नहीं थे। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, पीयू के एक प्रवक्ता ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों पर हमला करने में शामिल छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

(ANI Input)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article