वायरल न्यूज़

VIDEO: चलती ट्रेन में जन्मा पहला बच्चा, एंबुलेंस में आया दूसरा, कुछ ही मिनटों में दो-दो बच्चों की मां बनी महिला

हाल में एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें बताया जा रहा है कि एक महिला ने जुड़वां बच्चों को अलग-अलग जगहों पर जन्म दिया। एक चलती ट्रेन में और दूसरा एंबुलेंस में।

Image

ट्रेन में ही करानी पड़ी थी महिला की डिलीवरी (X/@manas_muduli)

सोशल मीडिया पर इस वक्त एक वीडियो (Video) काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक ट्रेन में महिला की डिलीवरी कराई जा रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ महिलाएं ट्रेन के दरवाजे को घेरकर खड़ी हैं। जहां कुछ मेडिकल स्टाफ महिला की डिलीवरी करा रहा है। इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @manas_muduli नाम के यूजर ने शेयर किया है। वीडियो के कैप्शन में इस घटना से जुड़ी कुछ जानकारी भी दी गई है।

महिला ने दिया जुड़वां बच्चों को जन्म

जिसमें बताया गया है कि यह मामला ओडिशा का है। जहां एक महिला ने अपने जुड़वां बच्चों को ऐसी जगहों पर जन्म दिया, जिसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता। दरअसल, महिला का पहला बच्चा चलती ट्रेन में पैदा हुआ, जबकि दूसरा कुछ ही मिनट बाद एंबुलेंस के अंदर जन्मा। यह घटना राउरकेला-गुनुपुर राज्यरानी एक्सप्रेस ट्रेन में हुई। महिला सामान्य डिब्बे में यात्रा कर रही थी, तभी अचानक उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। जैसे-जैसे दर्द बढ़ता गया, यात्रियों और रेलवे स्टाफ ने तुरंत मदद के लिए सूचना दी।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

रेलवे अधिकारियों को दी गई सूचना

रेलवे अधिकारियों को Rail Madad पोर्टल के जरिए खबर दी गई, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई शुरू हुई। कटक रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम को तैयार रखा गया ताकि महिला को तुरंत मेडिकल सहायता मिल सके लेकिन हालात तेजी से बदलते चले गए। ट्रेन के कटक पहुंचने से पहले ही महिला ने अपने पहले बच्चे को जन्म दे दिया। यह एक बेटा था। उस समय ट्रेन के अंदर मौजूद लोगों और स्टाफ ने मिलकर महिला की मदद की और हालात को संभाला।

कटक रेलवे स्टेशन पर महिला को ट्रेन से उतार हॉस्पिटल रवाना किया गया

वहीं, जब ट्रेन कटक स्टेशन पहुंची, तो RPF टीम तुरंत हरकत में आई। उन्होंने प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित जगह बनाकर मां और नवजात को उतारा। वहां मौजूद एक फार्मासिस्ट ने भी तुरंत मदद की और प्राथमिक इलाज दिया। इसी दौरान पता चला कि महिला जुड़वां बच्चों की मां बनने वाली है। यानी अभी दूसरा बच्चा होना बाकी था। इसलिए तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और महिला को अस्पताल ले जाने का फैसला किया गया। लेकिन दूसरे बच्चे का जन्म भी बेहद खास रहा। अस्पताल पहुंचने से पहले ही, एंबुलेंस के अंदर महिला को फिर से तेज दर्द शुरू हुआ और उसने वहीं दूसरे बच्चे को जन्म दे दिया।

एंबुलेंस में हुआ दूसरा बच्चा

इस तरह दोनों जुड़वां बच्चों का जन्म दो अलग-अलग जगहों पर हुआ। एक ट्रेन में और दूसरा एंबुलेंस में। इस मामले में सबसे अच्छी बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम के बावजूद मां और दोनों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और वे मेडिकल निगरानी में हैं। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोग रेलवे स्टाफ, RPF टीम और मेडिकल कर्मियों की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों ने इस वायरल वीडियो (Viral Video) पर कमेंट करते हुए लिखा कि सभी लोगों ने मिलकर जिस तरह से समय पर मदद की, उसने एक बड़ी मुश्किल को खुशियों में बदल दिया।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article