Viral Video: किसी भी मां-बाप के लिए सबसे बड़ा सुख यही होता है कि उसके बच्चे अपने जीवन में सफल हो जाएं। इसी सुख को हासिल कर चुके एक पिता-पुत्री का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पिता को अपने कंधे पर उठाए उसकी बेटी डांस कर रही है। यह खुशी का पल था बेटी के महाराष्ट्र पुलिस में ज्वाइन होने का, आखिरकार अपनी दिन-रात की मेहनत के दम पर लड़की ने अपने मुकाम को हासिल कर लिया था। जब लड़की का सिलेक्शन महाराष्ट्र पुलिस में हुआ तो ना सिर्फ पिता-पुत्री बल्कि पूरे सोशल मीडिया ने उस लड़की की सफलता का जश्न मनाया।
महाराष्ट्र पुलिस में चयनित होने पर पिता-पुत्री ने मनाया जश्न
यह वीडियो (Video) महाराष्ट्र के बीड से सामने आया है। वीडियो में पिता-पुत्री दोनों के चेहरे पर खुशी साफतौर पर देखी जा सकती है। अपने पिता को कंधे पर बैठाकर डांस कर रही लड़की का नाम सुमेधा शेख है। वह अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पिता को दे रही है, जो अपनी मेहनत, त्याग और तपस्या से अपनी बेटी को पढ़ाया और जीवन में आगे बढ़ने का मौका दिया। पिता को अपनी बेटी पर भरोसा था कि एक दिन वह जरूर सफल होगी। जब बेटी सफल हुई तो सालों की मेहनत पूरे परिवार के लिए गर्व की बात बन गई।
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स के कमेंट्स थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "दुनिया के हर माता-पिता जो अपने बच्चों के लिए बलिदान, प्यार, समर्थन और विश्वास दिखाते हैं, वे सभी इस खुशी के हकदार हैं, मैं आशा करता हूं कि हर माता-पिता जो अपने बच्चों के लिए मेहनत कर रहे हैं, उन्हें ऐसा दिल को छू लेने वाला पल अपनी जिंदगी में जरूर देखने को मिले।" दूसरे ने लिखा, "पिता को कंधे पर उठाकर नाच रही लड़की को देख यह समझ आ रहा है कि उसने फिजिकल टेस्ट 100% मार्क्स स्कोर किए होंगे।" तीसरे ने लिखा, "तुम पर गर्व है लड़की, तुमने अपने माता-पिता का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है, अब देश का भी सिर गर्व से ऊंचा करना। मेरी शुभकामनाएं तुम्हारे साथ हैं।" ऐसे ही तमाम लोगों ने इस वीडियो पर कमेंट किया और लड़की की खूब तारीफ की।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
