वायरल न्यूज़

पीएम मोदी के सामने जापानी प्रधानमंत्री ताकाइची ने बजाया संतूर, धुन सुन मंत्रमुग्ध हुआ पूरा हॉल; लाखों बार देखा गया वीडियो

Viral Video: नई दिल्ली में आयोजित 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में द्विपक्षीय वार्ताओं के साथ-साथ दोनों नेताओं के बीच गहरी व्यक्तिगत बॉन्डिंग देखने को मिली। 'हैवी मेटल' म्यूजिक और बाइकिंग की शौकीन जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने दिल्ली में एक लंच के दौरान भारतीय वाद्य यंत्र 'संतूर' पर हाथ आजमाया, जिसका वीडियो खुद पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया।

Image

जापानी प्रधानमंत्री के संतूर ने पीएम मोदी का भी जीता दिल (Photo: Instagram/narendramodi)

Viral Video: नई दिल्ली में आयोजित 16वां भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन केवल गंभीर कूटनीति और व्यापारिक समझौतों के लिए ही नहीं, बल्कि दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच दिखी बेमिसाल व्यक्तिगत गर्मजोशी के लिए भी याद किया जाएगा। जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री साने ताकाइची अपनी तीन दिवसीय भारत यात्रा पर थीं।

इस दौरान दिल्ली में आयोजित एक सांस्कृतिक दोपहर के लंच से एक बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आई, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में जापानी पीएम ने भारतीय पारंपरिक वाद्य यंत्र 'संतूर' बजाने (Japanese PM plays Santoor Video) की कोशिश की। पीएम मोदी ने इस पल का एक रील अपने इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा, "प्रधानमंत्री साने ताकाइची भारतीय संगीत पर हाथ आजमाते हुए!"

हैवी मेटल और बाइक्स की शौकीन हैं 'आयरन लेडी'

65 वर्षीय साने ताकाइची के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं कि वे अपनी कॉलेज लाइफ में एक 'हैवी मेटल' रॉक बैंड में ड्रम बजाती थीं और ब्रिटिश रॉक लीजेंड्स 'डीप पर्पल' और 'आयरन मेडन' की बड़ी प्रशंसक रही हैं। आज भी वे अपने घर पर इलेक्ट्रॉनिक ड्रम बजाकर तनाव दूर करती हैं। इतना ही नहीं, उन्हें कावासाकी जैसी भारी मोटरसाइकिलें चलाने का भी शौक है।

भारत-जापान इकोनॉमिक फोरम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए उनके इस शौक का जिक्र किया और कहा, "मुझे पता चला है कि पीएम ताकाइची को बाइक्स पसंद हैं। हमें खुशी है कि भारत से यामाहा, कावासाकी और होंडा की बाइक्स पूरी दुनिया में एक्सपोर्ट होती हैं।"

'भाई-बहन' की तरह आगे बढ़ेगा रिश्ता-पीएम मोदी

इस शिखर सम्मेलन की सबसे खास बात दोनों नेताओं का एक-दूसरे के प्रति सम्मान था। पीएम मोदी ने बातचीत के दौरान ताकाइची को अपनी "छोटी बहन" कहकर संबोधित किया, तो वहीं जापानी पीएम ने भी सोशल मीडिया पर लिखा कि वे दोनों इस द्विपक्षीय रिश्ते को "भाई और बहन" की तरह आगे बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। दोनों नेताओं ने वर्चुअली हरियाणा के खरखौदा में मारुति सुजुकी के चौथे मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन भी किया।

शिखर सम्मेलन के मुख्य आर्थिक और रक्षा समझौते

  • जापान अगले एक दशक में भारत के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रक्षा, ऊर्जा और नेक्स्ट-जेनरेशन मोबिलिटी सेक्टर में 10 ट्रिलियन जापानी येन (लगभग 62 अरब डॉलर) का नया निवेश करेगा।
  • दोनों देशों ने अपने इतिहास में पहली बार 'संयुक्त रक्षा सह-विकास परियोजना' पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत सैन्य तकनीकों को मिलकर विकसित किया जाएगा।
  • दोनों नेताओं ने 'मुक्त और खुले हिंद-प्रशांत' और पीएम मोदी के 'महासागर' एजेंडे को बढ़ावा देने के लिए रणनीतिक सहयोग गहरा करने पर सहमति जताई।
monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article