वायरल न्यूज़

258 करोड़ का ऑर्डर किया, फिर कर दिया कैंसिल, स्ट्रेस भगाने के लिए महिला की इस हरकत से कंपनी को लगा लाखों का चूना

जापान में 32 साल की महिला ने स्ट्रेस कम करने के लिए करीब 258 करोड़ रुपये के 2 हजार से ज्यादा ऑनलाइन ऑर्डर किए और फिर उन्हें कैंसिल कर दिया। कंपनी को 45 लाख रुपये का नुकसान हुआ।

Image

महिला ने किए 258 करोड़ के हजारों ऑर्डर और फिर कर दिया कैंसिल, फिर पुलिस ने किया गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर, AI Generated Image)

Viral News: ऑनलाइन शॉपिंग आज हमारी जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है। लोग अपनी जरूरत की चीजें घर बैठे मंगा लेते हैं लेकिन जापान से ऑनलाइन शॉपिंग का एक ऐसा अजीब मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। यहां एक 32 साल की महिला ने हजारों बार ऑनलाइन सामान ऑर्डर किया, लेकिन बाद में लगभग सभी ऑर्डर कैंसिल कर दिए।

रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने करीब 4.3 अरब येन यानी लगभग 258 करोड़ रुपये कीमत के सामान के ऑर्डर किए थे। हालांकि, यह रकम उसने वास्तव में खर्च नहीं की थी। उसने सामान खरीदने के बजाय ऑर्डर किए और फिर उन्हें रद्द कर दिया। इस वजह से सामान बेचने वाली कंपनी को पैकिंग, डिलीवरी और रिटर्न जैसी प्रक्रियाओं में करीब 7.5 मिलियन येन यानी लगभग 45 लाख रुपये का नुकसान हुआ।

2 हजार से ज्यादा ऑर्डर, 238 अकाउंट

जापानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, आरोपी महिला का नाम मायू योशिदा बताया गया है। वह एक रेस्टोरेंट में काम करती है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने Anime और Manga से जुड़े सामान के लिए 238 अलग-अलग अकाउंट का इस्तेमाल किया। उसने 2 हजार से ज्यादा ऑर्डर किए। कई बार उसने सामान की डिलीवरी लेने से भी इनकार कर दिया। कुछ मामलों में उसने गलत या काल्पनिक पता भी दिया। इससे कंपनी को बार-बार सामान भेजने और वापस मंगाने का खर्च उठाना पड़ा।

ऑर्डर करने से मिलता था तनाव में सुकून

सबसे हैरान करने वाली बात महिला द्वारा बताई गई वजह है। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि उसे Anime और Manga पसंद हैं। जब वह अपने पसंदीदा किरदारों से जुड़ी चीजें ऑनलाइन देखती थी तो उन्हें ऑर्डर करने से उसे अच्छा महसूस होता था। महिला के मुताबिक, उसकी रोजमर्रा की जिंदगी में काफी तनाव था। ऐसे में सामान ऑर्डर करने से उसे थोड़ी खुशी और राहत मिलती थी। हालांकि, सामान खरीदना उसका मकसद नहीं था और वह बाद में ऑर्डर कैंसिल कर देती थी।

करीब दो साल तक चलता रहा सिलसिला

बताया गया है कि महिला ने करीब छह साल पहले इस ऑनलाइन स्टोर से खरीदारी शुरू की थी। शुरुआत में वह सामान खरीदती और पार्सल भी लेती थी। लेकिन अक्टूबर 2023 के आसपास उसने बार-बार ऑर्डर करके उन्हें कैंसिल करना शुरू कर दिया। करीब दो साल तक यह सिलसिला चलता रहा। कंपनी को लगातार नुकसान होने का पता चला तो उसने पुलिस में शिकायत की। जांच के बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने पुलिस के सामने आरोपों को स्वीकार किया है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article