Gwalior Marriage News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक शादी में दहेज में दी जा रही बाइक को लेकर बवाल मच गया। दरअसल, दूल्हे को अपाचे बाइक पसंद थी। जबकि ससुराल पक्ष के लोग उसे शाइन बाइक दे रहे थे। मात्र इस बात से दूल्हा चिढ़ गया और उसने शादी तोड़ दी। दूल्हे ने जैसे ही अपाचे बाइक की जगह हॉन्डा शाइन बाइक देखी, उसने सात फेरे लेने से भी इनकार कर दिया। वह शादी के मंडप से उठकर चला गया।
यहां तक कि जब दुल्हन का भाई उसे जाने से रोकने लगा तो उसने दुल्हन के भाई की भी पिटाई कर दी। इसके बाद लड़की वाले थाने पहुंचे और दूल्हे के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई। सारा मामला ग्वालियर के जनकगंज का है। जनकपुर स्थित आराधना गार्डन में बहोड़ापुर थाना इलाके के शिव नगर कॉलोनी की रहने वाली लड़की की शादी थी। लड़की की बारात माधवगंज क्षेत्र के बेलदारों का पुरा तारागंज से आई थी। शादी के लिए लड़की पक्ष वालों ने जमकर तैयारियां की थीं।
नहीं मिली अपाचे बाइक तो तोड़ दी शादी
दूल्हा मोनू कुशवाहा बारात लेकर स्टेज से मंडप के लिए जा रहा था, तभी उसने देखा कि दहेज में शाइन बाइक दी जा रही है। इससे वह भड़क गया और उसने फेरे लेने से इंकार कर दिया। हालांकि, लोगों ने उसे जमकर समझाया फिर भी दूल्हा नहीं माना। यहां तक कि लोगों ने यह भी कहा कि अपाचे बाइक थोड़ी मंहगी है और लड़की वालों के पास अभी इतना पैसा नहीं है। इसके बाद भी वह जिद पर अड़ा रहा। उसने कहा कि उसे अपाचे बाइक ही चाहिए, वरना शादी नहीं करेगा। दुल्हन के पिता और भाई के गिड़गिड़ाने पर भी वह नहीं माना और जिद पर अड़ा रहा कि उसे अपाचे बाइक ही चाहिए और फिर उसने शादी तोड़ दी।
