Twitter Blue Tick: ट्विटर के मालिक बनते ही टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने एक दिन पहले घोषणा की थी कि ट्विटर यूजर को अब ब्लू टिक के लिए हर महीने 8 डॉलर देने होंगे। इसके बाद एलन मस्क की ट्विटर से लेकर अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जमकर आलोचना हो रही है। इस बीच कमाल आर खान उर्फ केआरके ने एलन मस्क को निशाने पर लिया है। उन्होंने एलन मस्क से कहा है कि उनके पास हर महीने पैसे देने का टाइम नहीं है, वह उनसे 5 साल का एडवांस पैसा ले लें।
कमाल आर खान ने साधा निशाना
कमाल आर खान ने अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया, 'डियर एलन मस्क मेरे पास ब्लू टिक के लिए हर महीने पैसे भुगतान करने का समय नहीं है। इसलिए मैं 5 साल का एडवांस में भुगतान करना चाहता हूं। कृपया आप मुझे पैसे भुगतान करने का लिंक भेज दें, जिस पर मैं आपको पैसे भेज सकूं।' गौरतलब है कि कमाल आर खान की तरह ही बहुत सारे लोगों ने ब्लू टिक पर पैसा वसूलने को लेकर ट्विटर के साथ ही एलन मस्क पर निशाना साधा है। इसके बाद भी एलन मस्क अपने फैसले पर टिके हुए हैं।
एलन मस्क ने आज एक और ट्वीट किया और ब्लू टिक को लेकर पैसे वसूलने पर किसी भी तरह की राहत देने से साफ इनकार कर दिया है। आज के ट्वीट में उन्होंने कहा कि जिन्हें भी शिकायत है वह अपनी शिकायत जारी रखें, लेकिन ट्विटर वेरिफिकेशन के लिए आपको 8 डॉलर की राशि देनी ही होगी। एलन मस्क ने यह भी कहा है कि ट्विटर अब चुनिंदा कैटेगरी के लोगों के लिए एक सेकेंडरी टैग जारी करेगा। इसमें सेलिब्रिटी और राजनेता शामिल होंगे। बता दें कि अभी यह अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के ट्विटर हैंडल पर नजर आता है।
