Viral Video: तोते को उसके चंचल व्यक्तित्व और मानवीय भाषा की नकल करने के लिए जाना जाता है। इसकी गिनती बुद्धिमान पक्षी प्रजातियों में आने वाले प्राणियों में की जाती है जो कि, अपने रंग-बिरंगे रूप से लोगों को आकर्षित करते हैं। ऐसे ही एक तोते का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा वायरल हो रहा है जिसे देखने के बाद पता चलता है कि तोते दांत निकालने में भी सक्षम होते हैं। इस वीडियो में पक्षी को एक बच्चे के मुंह से सड़ा हुआ दांत निकालते हुए दिखाया गया है।
गौरतलब है कि, चीन के फोशान से वायरल क्लिप की शुरुआत एक तोते से होती है, जिसे एक लड़का अपने हाथों में लिए हुए है। इसके बाद लड़का अपना मुंह खोलता है और उसे अपने करीब ले जाता है तभी तोता हिलते हुए दांत को ठीक से पकड़ता है और तेजी से उसे निकाल देता है। फिर, लड़का तोते को पीछे खींचता है और उसे पास खड़े किसी और व्यक्ति को थमा देता है। इसके बाद, तोता पुन: अपनी चोंच खोलता है और सड़ा हुआ दांत उस व्यक्ति के हाथ में गिरा देता है। इस हैरान कर देने वाले वीडियो को देखने के बाद कई यूजर्स हैरत में पड़ गए हैं।
बता दें कि, सिर्फ़ इंसान ही नहीं, बल्कि मगरमच्छ और घड़ियाल जैसे विशालकाय जानवर भी पक्षियों से अपने दांत साफ करवाते हैं। टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च के अनुसार, मिस्र के प्लोवर बर्ड नामक एक छोटा पक्षी मगरमच्छ के मुंह में घुस जाता है और उनके दांतों में फंसे खाने के छोटे-छोटे टुकड़े निकाल लेता है। इससे मगरमच्छ के दांत साफ होते हैं और उनका मुंह ताजा और इंफेक्शन से मुक्त रहता है। मिस्र की नील नदी पर रहने वाले मगरमच्छों को इन पक्षियों से सबसे ज़्यादा फायदा होता है। इसके अलावा, इस पक्षी को कभी-कभी मगरमच्छों के साथ अपने सहजीवी संबंध के कारण मगरमच्छ पक्षी भी कहा जाता है।
आपको ये भी बताते चलें कि, कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है- इंसानों की लार पक्षियों के लिए जहरीली होती है। शिकागो एक्सोटिक्स एनिमल हॉस्पिटल की एक रिपोर्ट के अनुसार, इंसानों की लार में ऐसे रोगाणु होते हैं जो पक्षियों के लिए जानलेवा होते हैं। इसलिए, लोगों को सलाह दी जाती है कि वे कभी भी पक्षियों को अपनी नाक और मुंह में चोंच न डालने दें। हालांकि, टाइम्स नाउ नवभारत ऐसे किसी भी दावे की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
