वायरल न्यूज़

कान्हा नेशनल पार्क में दिखा जंगल का अनोखा रोमांच, तेंदुए का पीछा करते हुए पेड़ पर चढ़ गई बाघिन

बाघ और तेंदुए दोनों ही शिकारी जानवर हैं और वे अपने इलाके को लेकर बेहद ही सतर्क और आक्रामक होते हैं। कई बार शिकार या फिर अधिकार क्षेत्र को लेकर उनके बीच टकराव भी देखने को मिलता है। कुछ ऐसा ही टकराव इस वायरल वीडियो में बाघिन और तेंदुए के बीच देखने को मिला। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

Image

तेंदुए के पीछे पेड़ पर चढ़ने की कोशिश करती बाघिन (टाइम्स नाउ नवभारत)

जंगल और जंगली जानवरों से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर अक्सर देखने को मिलते हैं। हाल में ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है। जिसे देखने के बाद लोग अपनी आंखों पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं। दरअसल, इस वायरल वीडियो में एक बाघिन तेंदुए के पीछे-पीछे एक पेड़ पर चढ़ जाती है। जंगल का यह दुर्लभ नजारा बहुत ही कम देखने को मिलता है।

कहां का है यह वायरल वीडियो?

वायरल हो रहा यह वीडियो मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध कान्हा नेशनल पार्क के कान्हा जोन का बताया जा रहा है। जहां शाम की सफारी के दौरान पर्यटकों ने इस दुर्लभ पल को अपने कैमरे में कैद कर लिया। वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक तेंदुए के पीछे बाघिन पड़ी हुई है और तेंदुआ अपनी जान बचाने के लिए पेड़ पर तेजी से चढ़ जाता है। ऐसे में वह बाघिन भी तेंदुए के ठीक पीछे-पीछे पेड़ पर चढ़ जाती है।

तेंदुए के पीछे-पीछे बाघिन भी लगी पेड़ पर चढ़ने

वीडियो में दिख रही बाघिन कान्हा नेशनल पार्क की नीलिमा बताई जा रही है। जो शिकार की तलाश में उसी पेड़ पर चढ़ने लगती है। जिस पर तेंदुआ अपनी जान बचाने के लिए चढ़ा होता है। आमतौर पर बाघ जमीन पर शिकार करने के लिए जाने जाते हैं और उन्हें पेड़ों पर चढ़ते हुए बहुत कम देखा जाता है। इसी वजह से बाघिन नीलिमा का इस तरह पेड़ पर चढ़ना अपने आप में बेहद ही खास और दुर्लभ माना जा रहा है।

रोमांच से भर गए पर्यटक

पेड़ पर तेंदुए को घेरने की कोशिश करती बाघिन नीलिमा का यह अंदाज पर्यटकों के लिए किसी एडवेंचर फिल्म से कम नहीं था। इस दौरान सफारी वाहन में बैठे पर्यटक रोमांच से भर उठे। किसी ने मोबाइल निकाला तो किसी ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कुछ पलों के लिए सभी की निगाहें उसी पेड़ पर टिकी रहीं, जहां जंगल के दो ताकतवर शिकारी आमने-सामने थे।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article