सर्दियों के मौसम में कोहरा जितना आम है, उतना ही खतरनाक भी है, खासकर जब लोग सावधानी की जगह लापरवाही का रास्ता अपना लेते हैं। इस बात को साबित करता एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि घनघोर कोहरे में तेज रफ्तार वाहन चलाना किस तरह जानलेवा साबित हो सकता है।
कोहरे के बीच दौड़ा रहा था तेज रफ्तार बाइक
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार में बाइक दौड़ा रहा है। सड़क पर विजिबिलिटी बेहद कम है, बिल्कुल ना के बराबर, सामने कुछ ही मीटर तक दिखाई दे पा रहा है। इसके बावजूद बाइक सवार न तो अपनी बाइक की रफ्तार कम करता है और न ही कोई अन्य सावधानी बरतता है। वीडियो में बाइक की स्पीड देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह किसी हादसे को दावत दे रहा है।
आखिर वही हुआ जिसका हमें डर था
आगे कुछ दूर चलने के बाद आखिरकार वही होता है जिसका डर हम सबको था। रास्ते में अचानक सामने से कोई ब्रेकर आता है और बाइक सवार समय रहते उसे नहीं देख पाता। देखते ही देखते बाइक का बैलेंस बिगड़ता है और बाइक रास्ते से उतरकर झाड़ियों में चली जाती है। वह शख्स बाइक से नीचे गिर जाता है। फिर शख्स को उठाने के लिए उसके दोस्त आते हैं।
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
वायरल हो रहा यह वीडियो सोशल साइट एक्स पर @VishalMalvi_ नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक 12 लाख लोगों ने देखा और 20 हजार लोगों ने लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। जहां कई यूजर्स ने इसे “लापरवाही का नतीजा” बताया, तो कुछ ने इसे दूसरों के लिए चेतावनी कहा। लोगों का कहना है कि कोहरे में गाड़ी चलाते समय थोड़ी सी भी जल्दबाजी भारी पड़ सकती है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह और भी ज्यादा खतरनाक हो सकता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
