शहर

दिल्ली में त्योहारों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, भारी छूट के ऑफर देने वाले स्टोरों पर छापेमारी, 322 किलो से ज्यादा घी जब्त

Delhi CMO Rekha Gupta Food Adulteration Action: त्योहारों के सीजन में मिलावटखोरों पर दिल्ली सरकार सख्त हो गई है। छापेमारी कर 322 किलो से अधिक घी जब्त किया गया है।

Image

दिल्ली में त्योहारों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, भारी छूट के ऑफर देने वाले स्टोरों पर छापेमारी, 322 किलो से ज्यादा घी जब्त

Delhi Food Safety Department Raid: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और अनियमितताओं पर लगाम लगाने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर ‘एक के साथ एक मुफ्त’ (BOGO) और 60 प्रतिशत तक भारी छूट के लुभावने विज्ञापन देने वाले स्टोर अब खाद्य सुरक्षा विभाग के सीधे निशाने पर हैं। विभाग की टीमों ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए विकासपुरी और हस्तसाल गांव के स्टोरों से कुल 322.53 किलोग्राम/लीटर संदिग्ध घी जब्त किया है।

विकासपुरी और हस्तसाल में बड़ी जब्ती

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा की गई इस विशेष कार्रवाई के दौरान निम्नलिखित प्रमुख खुलासे और बरामदगी सामने आई हैं:

विकासपुरी के स्टोर: विभाग की टीम ने विकासपुरी स्थित 'मैक्सकार्ट स्टोर' और 'अग्रवाल स्टोर' पर औचक निरीक्षण किया। यहां से विभिन्न ब्रांडों के घी के 5 प्रवर्तन नमूने और अन्य खाद्य पदार्थों के 5 निगरानी नमूने लिए गए। इस दौरान कुल 75.53 लीटर घी जब्त किया गया।

हस्तसाल गांव: हस्तसाल गांव स्थित 'अग्रवाल स्टोर' पर की गई कार्रवाई में श्री शान, वृंदा फार्म्स और अवतार ब्रांड के घी के 3 प्रवर्तन नमूने लिए गए तथा मौके से 246 किलोग्राम घी को जब्त किया गया।

अन्य बाजारों में निरीक्षण: लाजपत नगर के 'जैन स्टोर' से मखाना और हल्दी पाउडर के नमूने लिए गए, जबकि रिठाला के 'युग बास्केट प्राइवेट लिमिटेड' से बिस्कुट और चीनी से बनी कैंडी के सैंपल एकत्र किए गए। इसके अलावा आजाद मार्केट की लाइब्रेरी रोड स्थित 'साहिब संस' प्रतिष्ठान से गलत लेबलिंग के संदेह में चीनी से बनी मिठाइयों के दो नमूने लेकर जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कड़ा संदेश

इस पूरी कार्रवाई पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि त्योहार खुशियों और उत्सव का समय हैं, लेकिन आम जनता की सेहत और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य दिल्लीवासियों को पूरी तरह सुरक्षित और मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। उन्होंने मिलावट, घटिया गुणवत्ता, एक्सपायरी उत्पादों की बिक्री और भ्रामक विज्ञापनों के जरिए सामान बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि निरीक्षण के दौरान दर्ज की गई कमियों और प्रयोगशाला से आने वाली जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सरकार ने नागरिकों से भी अपील की है कि त्योहारी खरीदारी करते समय सामान की पैकेजिंग, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट की जांच अवश्य करें।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article