स्कूल के दिनों में बंक मारना कई छात्रों के लिए बहुत ही मजेदार बात होती है। ऐसे छात्रों को स्कूल से बंक मारने के लिए सिर्फ मौका और बहाना चाहिए होता है। जैसे ही इन्हें मौका मिलता है, वे स्कूल से बंक मारने में कभी नहीं चूकते। ऐसे ही एक छात्र का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जहां एक लड़का अपने पिता से स्कूल जाने का बहाना मारकर कैफे में रंगे हाथों वीडियो गेम खेलता पकड़ा गया।
पिता ने रंगे हाथों लड़के को पकड़ा
वीडियो में देखा जा सकता है कि लड़का कैफे में वीडियो गेम खेल रहा होता है। तभी उसके अब्बू अचानक से उस कैफे में आते हैं और पीछे से उसे रंगे हाथों पकड़ लेते हैं। जब लड़के को अब्बू स्कूल की जगह कैफे में पाते हैं तो उनका पारा सातवें आसमान पर चला जाता है और वे उसी वक्त लड़के की धुनाई शुरू कर देते हैं। लड़का कैफे में अपने अब्बू को देखकर हैरान रह जाता है और वह अपने अब्बू की मार से बचने के लिए तुरंत कैफे से भाग जाता है।
वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
इस मजेदार वाकये के वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @gharkekalesh नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक 12 लाख लोगों ने देखा और 14 हजार लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो पर कई लोगों के मजेदार कमेंट्स भी सामने आए हैं। जिन्हें लोग खूब चटकारे लेकर पढ़ रहे हैं। वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा है, "असली वीडियो गेम इसके पापा घर पर इसके साथ खेलेंगे।" दूसरे ने लिखा, "इस वीडियो ने बचपन की यादें ताजा कर दी।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
