वायरल न्यूज़

ड्रोन से आसमान में बनाया QR Code, रिकॉर्ड तोड़ शो का Video Viral

टेक्सास में करीब 10 हजार ड्रोन ने आसमान को रोशनी से जगमगा दिया। रिकॉर्ड तोड़ ड्रोन शो में QR Code और शानदार आकृतियां देखकर लोग रह गए हैरान।

Image

टेक्सास में दिखा अनोखा नजारा, हजारों ड्रोन ने आसमान को बना दिया स्क्रीन (Facebook/@Guinness World Records)

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) में उन कारनामों को जगह मिलती है, जो आज तक कभी नहीं हुए। ऐसे ही एक कारनामे का वीडियो (Video) इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसे देख के बाद लोगों का मुंह खुला का खुला रह गया। इस वीडियो को देखने के बाद यकीनन आपके भी होश उड़ जाएंगे।

टेक्नोलॉजी का ऐसा कमाल पहले नहीं देखा होगा आपने

वैसे तो रात का आसमान आमतौर पर सितारों और चांद से रोशन होता है, लेकिन टेक्सास में एक रात ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। दरअसल, यहां पर हजारों ड्रोन ने एक साथ आसमान में उड़ान भरी और अलग-अलग आकृतियां बनाकर ऐसा शानदार शो पेश किया कि हर कोई बस इसे देखता ही रह गया। इस शो के वीडियो को फेसबुक पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने अपने ऑफिशियल अकाउंट से शेयर किया है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

10,000 ड्रोन से आसमान बना विशाल LED स्क्रीन

वीडियो (Video) में बताया गया है कि इस खास ड्रोन शो में करीब 10,000 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। इतने बड़े स्तर पर ड्रोन को एक साथ उड़ाना और उन्हें बिल्कुल सही जगह पर पहुंचाना आसान काम नहीं था। इस पूरे आयोजन के लिए करीब 100 लोगों की टीम लगातार काम कर रही थी। टीम के पास ड्रोन और फील्ड उपकरणों से जुड़ा करीब 25 मिलियन डॉलर का सेटअप था। बताया गया कि इस बड़े रिकॉर्ड को पूरा करने के लिए कुछ ड्रोन स्थानीय स्तर पर जुटाए गए, जबकि बाकी ड्रोन अमेरिका के अलग-अलग हिस्सों से लाए गए। कई दिनों की तैयारी और तकनीकी जांच के बाद टीम ने इस खास शो को तैयार किया।

आसमान बना विशाल स्क्रीन

इस शो की शुरुआत 27 मार्च से हुई थी, जबकि 31 मार्च को इसका सबसे बड़ा प्रदर्शन किया गया। उस रात बड़ी संख्या में लोग इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए जमा हुए थे। शो के दौरान हजारों ड्रोन एक साथ आसमान में घूमते हुए अलग-अलग डिजाइन बनाने लगे। कभी आसमान में बड़े आकार की तस्वीरें नजर आईं, तो कभी अलग-अलग लोगो और आकृतियां दिखाई दीं। ड्रोन ने एक ऐसा QR कोड भी बनाया, जिसे आसमान से देखा जा सकता था। सबसे खास बात यह थी कि ड्रोन किसी विशाल LED स्क्रीन की तरह काम कर रहे थे। हजारों छोटी-छोटी रोशनियों ने मिलकर आसमान को एक बड़े डिजिटल कैनवास में बदल दिया।

जज भी रह गए हैरान

इस रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन को देखने के लिए Guinness World Records के जज Andy Glass भी मौजूद थे। उन्होंने पूरे कार्यक्रम की निगरानी की और यह सुनिश्चित किया कि प्रदर्शन तय नियमों के अनुसार हो। उन्होंने करीब 10,000 ड्रोन को एक साथ अलग-अलग फॉर्मेशन में देखना बेहद खास अनुभव बताया। उनके मुताबिक, इतने बड़े स्तर पर ड्रोन को संभालना आसान नहीं था और टीम ने शानदार काम किया। शो के अंत में आसमान में “JESUS” शब्द भी रोशन किया गया। इस दौरान पूरा आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article