वायरल न्यूज़

यहां इंसान नहीं, अब रोबोट संभाल रहे ट्रैफिक, पुलिस बनकर कंट्रोल कर रहे यातायात

चीन के शहरों में अब एआई से चलने वाले रोबोट पुलिस ट्रैफिक ( robot traffic police) संभाल रहे हैं। ये रोबोट गलत लेन, पार्किंग और नियम तोड़ने वालों को तुरंत चेतावनी देते हैं और 24 घंटे काम कर सकते हैं। इससे ट्रैफिक व्यवस्था आसान और सुरक्षित बन रही है। आने वाले समय में इसमें और विस्तार हो सकता है।

Image

यहां इंसान नहीं, अब रोबोट संभाल रहे ट्रैफिक (फोटो: iStock)

चीन के कई शहरों में अब ट्रैफिक संभालने का काम इंसानों के साथ-साथ एआई से चलने वाले रोबोट पुलिसकर्मी यानी ‘रोबोकॉप’ भी करने लगे हैं। हाल ही में पूर्वी चीन के अनहुई प्रांत के वुहू शहर में ऐसा ही एक रोबोट ट्रैफिक ड्यूटी करता नजर आया। इसका नाम है “इंटेलिजेंट पुलिस यूनिट आर001”। यह रोबोट पुलिस की वर्दी, रिफ्लेक्टिव जैकेट और सफेद टोपी पहनता है। दूर से देखने पर यह किसी इंसान जैसा लगता है, लेकिन पास जाकर देखने पर इसकी धातु जैसी बनावट और हाई-टेक सिस्टम साफ नजर आते हैं। लोग इसे देखने और फोटो खींचने के लिए रुक जाते हैं।

रोबोट शहर के ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम से जुड़ा

जब कोई साइकिल चालक गलत लेन में जाता है तो यह रोबोट तुरंत आवाज देकर चेतावनी देता है, जैसे “आपकी सुरक्षा के लिए गैर-मोटर लेन में चलें।” खास बात यह है कि यह आवाज किसी इंसान की नहीं बल्कि इसी रोबोट की होती है। एक अंग्रेजी वेबसाइट (social media viral news) के मुताबिक ट्रैफिक पुलिस अधिकारी जियांग जिहाओ के मुताबिक यह रोबोट शहर के ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम से जुड़ा हुआ है। जैसे ही लाइट बदलती है, यह उसी हिसाब से हाथों से इशारे करता है और लोगों को रास्ता दिखाता है। इसमें हाई-डेफिनिशन कैमरे लगे हैं, जो पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों की गलतियां पहचान लेते हैं। फिर रोबोट मौके पर ही उन्हें चेतावनी दे देता है।

2030 तक अरबों डॉलर तक पहुंच सकता है एआई रोबोट बाजार

यह रोबोट सिर्फ एक जगह खड़ा नहीं रहता, बल्कि जरूरत पड़ने पर खुद चलकर दूसरी जगह भी पहुंच सकता है। यह गलत पार्किंग पकड़ सकता है और सड़क पर हो रही गतिविधियों पर नजर रखता है। सबसे बड़ी बात यह है कि यह 24 घंटे लगातार काम कर सकता है, जिससे पुलिस का बोझ कम होता है, खासकर भीड़ और खराब मौसम में। चीन में ऐसे रोबोट तेजी से बढ़ रहे हैं। पहले चेंगदू और फिर हांगझो जैसे शहरों में भी रोबोट पुलिस तैनात किए गए थे। सरकार का मानना है कि आने वाले समय में एआई और रोबोट तकनीक से ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर होगी। विशेषज्ञों के मुताबिक 2030 तक चीन का एआई रोबोट बाजार अरबों डॉलर तक पहुंच सकता है। यानी आने वाले दिनों में सड़कों पर इंसानों के साथ रोबोट पुलिस भी आम नजर आएंगे।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article