Viral Video: इंटरनेट पर आए दिन एक से बढ़कर एक अजूबे (Talent Video) देखने को मिलते हैं। कुछ मामले तो ऐसे होते हैं, जिन्हें देखकर बड़े-बड़े धुरंधर भी घबरा जाते हैं। जबकि, कुछ वीडियो पर लोगों को यकीन तक करना मुश्किल हो जाता है। इस 6 साल की बच्ची की कलाबाजी देखकर आप अपनी आंखों पर यकीन नहीं कर पाएंगे। जहां आम लोग रुबिक्स क्यूब के रंगों को मिलाने में घंटों लगा देते हैं या हार मान लेते हैं। वहीं, इस नन्ही परी ने महज 4.27 सेकंड में पूरा क्यूब सॉल्व करके नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
दक्षिण-पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत की रहने वाली 6 साल की लियांग युनशी ने पूरे विश्व को अपनी प्रतिभा से चौंका दिया है। वर्ल्ड क्यूब एसोसिएशन के आधिकारिक मुकाबलों में लियांग ने महिलाओं की श्रेणी में रुबिक्स क्यूब सॉल्व करने का नया रिकॉर्ड बनाया। हैरानी की बात यह है कि उन्होंने केवल तीन दिनों के भीतर दो बार विश्व रिकॉर्ड तोड़ा है। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही टाइमर शुरू होता है, लियांग की उंगलियां इतनी तेजी से चलती हैं कि उन्हें ध्यान से देखना भी मुश्किल हो जाता है। कुछ ही सेकंड में क्यूब के सारे रंग एकदम सही जगह पर सेट हो जाते हैं। स्कूल में अपने सहपाठियों के सामने जब वह यह कारनामा करके दिखाती हैं, तो बच्चे भी खुशी से झूम उठते हैं। यह जादुई स्पीड रातों-रात नहीं आई है। प्राइमरी स्कूल की पढ़ाई के साथ-साथ लियांग रोज 2 से 3 घंटे रुबिक्स क्यूब की प्रैक्टिस करती हैं। शंघाई के शीर्ष कोचों के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग लेते हुए उन्होंने 1300 से अधिक एल्गोरिदम पर महारत हासिल की है। देखें वीडियो...
बिजली से भी तेज स्पीड!
सोशल मीडिया पर लियांग युनशी का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। एक्स पर इस वीडियो को xavierdatatech नाम के पेज से शेयर किया गया है। इतना ही नहीं यूजर्स इस बच्ची की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोग उनकी बिजली जैसी स्पीड और एकाग्रता की जमकर तारीफ कर रहे हैं। अब दुनिया भर के बड़े-बड़े स्पीडक्यूबर्स के सामने इस 6 साल की नन्हीं खिलाड़ी की चुनौती खड़ी हो चुकी है। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
