वायरल न्यूज़

VIDEO: मछली पकड़ने गए थे, अचानक तेज बहाव में बहने लगे मछुआरे, तेज लहरों से लड़ते दिखे जिंदगी और मौत की जंग

महाराष्ट्र के पालघर के जलसार में मछली पकड़ने गए तीन लोग समुद्र खाड़ी के तेज बहाव में बह गए। जिसका एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है कि मछुआरे तेज लहरों से जूझ रहे हैं।

Image

समुद्र में डूब रहे तीन लोगों का किया गया रेस्क्यू (Times Now Navbharat)

सोचिए, अगर तेज बहाव में आपका पैर फिसल जाए और कुछ ही सेकेंड में आप पानी के साथ बहने लगें, तो क्या होगा? महाराष्ट्र के पालघर में कुछ ऐसा ही खौफनाक मंजर देखने को मिला, जब मछली पकड़ने गए तीन लोग समुद्र की तेज धारा में फंस गए। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई, लेकिन तभी कुछ स्थानीय लोग और एक गुजरती नाव उनके लिए फरिश्ता बनकर सामने आए। उनकी सूझबूझ और बहादुरी की बदौलत तीनों की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

मछली पकड़ने गए थे तीनों मछुआरे

यह घटना महाराष्ट्र के पालघर जिले में जलसार खाड़ी से सामने आई है। जहां बताया जा रहा है कि मछली पकड़ने गए तीन लोगों की जान उस समय खतरे में पड़ गई, जब वे पानी के तेज बहाव में बहने लगे। हालांकि, स्थानीय लोगों की सूझबूझ और नाविकों की तेजी से कार्रवाई के कारण तीनों की जान बच गई। इस घटना का वीडियो (Video) सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स स्थानीय लोगों की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने दिखाई बहादुरी

वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि तीनों मछुआरे समुद्र की तेज धार में बहते हुए नजर आ रहे हैं। समुद्र की लहरें इतनी तेज हैं कि उनकी तैराकी भी काम नहीं आ रही। वे तीनों जैसे-तैसे तेज लहरों से जूझ रहे हैं। जब आसपास मौजूद लोगों ने तीनों को बहते हुए देखा, तो तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। उसी समय जलसार जेट्टी से एक नाव गुजर रही थी। नाविकों और स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए नाव को उनकी तरफ मोड़ा और बचाव अभियान शुरू कर दिया। नाव पर सवार लोगों की मदद से जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे मछुआरे बच कर निकल पाए। वीडियो में देखा जा सकता है कि मछुआरों को बचाने के लिए रस्सी में टायर बांधकर समुद्र में फेंका जा रहा है। जिसे पकड़ कर वे नाव पर वापस आ पाए।

तेज बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त

बता दें कि महाराष्ट्र में लगातार हो रही तेज बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया है। खासकर मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पुणे और आसपास के इलाकों में भारी बारिश के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई सड़कों पर पानी भर गया, जगह-जगह ट्रैफिक जाम लग गया और लोगों को ऑफिस व घर पहुंचने में घंटों लग गए। तेज हवा और बारिश के कारण कई जगह पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे यातायात काफी प्रभावित हुआ।

भूस्खलन से बंद हुए अहम रास्ते

भारी बारिश के चलते मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे हाईवे के घाट सेक्शन में भूस्खलन हुआ। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए दोनों मार्गों पर यातायात रोकना पड़ा, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी हुई। वहीं, मुंबई के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। कई जगह सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे वाहन रेंगते हुए नजर आए। लोगों को घुटनों तक पानी में चलकर अपनी मंजिल पर पहुंचना पड़ा। बारिश की वजह से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया। बसों के रूट बदलने पड़े और निजी वाहन भी घंटों फंसे रहे।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

फ्लाइट, ट्रेन और स्कूलों पर भी पड़ा असर

खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। कई उड़ानों में देरी हुई और यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। वहीं लोकल ट्रेन सेवाएं अधिकांश स्थानों पर चलती रहीं, लेकिन कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को बारिश का असर झेलना पड़ा। वहीं, मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए कुछ जिलों में एहतियात के तौर पर स्कूल और कॉलेज बंद रखने का फैसला लिया गया, ताकि बच्चों की सुरक्षा बनी रहे।

अलर्ट पर प्रशासन

इधर, मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। नगर निकाय, आपदा राहत दल और अन्य एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। लोगों को नदी, नाले, समुद्र तट और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article