इस देश में मुंबई एक ऐसा शहर है, जहां हर वक्त लोगों को संघर्ष करना पड़ता है। यहां रहने वालों की जिंदगी में सुबह उठते ही जंग शुरू हो जाती है। चाहे बात लोकल ट्रेन में चढ़ने की हो या फिर ट्रैफिक ही क्यों न हो, यहां हर पल लोगों को संघर्ष करना पड़ता है। ऐसे में इस थकान भरी जिंदगी में कुछ न कुछ ऐसा करिश्मा होता रहता है, जिसे देख लोगों को अपनी थकान भूल जोरदार हंसी आ जाती है। हाल में ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देख लोगों की आंखें फटी की फटी रह गई।
इस वीडियो ने कर दी सारी हदें पार
आपने अब तक बाइक पर फ्रिज, गैस सिलेंडर, और पूरा का पूरा सोफा तक ले जाते हुए देख लिया होगा, लेकिन इस वीडियो में जो कुछ भी दिखा, उसने तो सारी हदें पार कर दी। वीडियो में देखा जा सकता है कि मुंबई की सड़क पर एक स्कूटर फर्राटे भरते हुए कहीं जा रहा है, लेकिन स्कूटर पर जो नजारा देखने को मिला, उसने लोगों को हैरत में डाल दिया। लोग इस स्कूटर का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड करने लगे, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
स्कूटर पर स्कूटी लादकर ले जा रहे लड़कों का वीडियो वायरल
दरअसल, हुआ ये कि इस स्कूटर पर दो लड़के बैठे हुए थे, जिनमें से एक स्कूटर चला रहा था और दूसरा पीछे बैठा था, लेकिन पीछे बैठा लड़का खाली नहीं बैठा है; उसकी गोद में एक और स्कूटी रखी हुई है। उसे देख ऐसा लग रहा है जैसे कोई बड़ा सा खिलौना उसकी गोद में रखा हुआ है, मगर ये खिलौना नहीं है, भाई साहब, ये सच में एक स्कूटी है। हां भाई, असली वाली स्कूटी, लोहे वाली, जिसमें दो टायर होते हैं। लड़के इस स्कूटी को गोद में रखकर उसे सही करवाने के लिए ले जा रहे हैं। गोद में स्कूटी लेकर बैठा शख्स उल्टी साइड मुंह कर करके बैठा हुआ है।
मुंबईकरों का नेक्स्ट लेवल जुगाड़
यह वीडियो देखकर कहा जा सकता है कि मुंबई वालों ने यह साबित कर दिया कि मुंबई में कुछ भी असंभव नहीं है। अगर यहां पर जगह नहीं है तो जुगाड़ है, अगर जुगाड़ नहीं है तो फिर भी प्रो लेवल जुगाड़ है। अगर आपको अगली बार ट्रैफिक में कोई गोद में बुलेट ले जाते दिखे तो हैरान मत होइएगा।
वीडियो पर आए लोगों के मजेदार कमेंट्स
यह दिलचस्प और मजेदार वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @andheriwestshitposting नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों के मजेदार कमेंट्स भी सामने आए हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर रिएक्ट करते हुए लिखा, "ये अंधेरी वेस्ट नहीं, अंधेरी बेस्ट है।" दूसरे ने लिखा, "मुंबई में जगह नहीं होती इसलिए लोग सामान को गोद में ले लेते हैं।" तीसरे ने लिखा, "अगले वीडियो में पूरा ऑटो गोद में होगा, देखते रहिए।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
