स्पोर्ट्स

Silicon Valley Open: भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने रचा इतिहास, पहली बार PSA गोल्ड-लेवल सेमीफाइनल में पहुंचीं

Anahat Singh Enters Semi-Final Of Silicon Valley Open: भारत की युवा स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने कमाल का प्रदर्शन जारी रखते हुए सिलिकॉन वैली ओपन के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। ये उनके करियर का पहला मौका है जब वो PSA गोल्ड-लेवल सेमीफाइनल में पहुंची हैं।

Image

अनाहत सिंह (Instagram/anahatsingh13)

Silicon Valley Open: भारत की विश्व नंबर 15 अनाहत सिंह ने सिलिकॉन वैली ओपन स्क्वैश में मिस्र की छठी वरीयता प्राप्त सलमा हनी को पांच गेम के रोमांचक मुकाबले में हराकर पहली बार PSA गोल्ड-लेवल सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

मिस्र की विश्व नंबर 3 और आठ बार की विश्व चैंपियन नूर अल-शेरबिनी को सीधे गेम में हराने के एक दिन बाद, 18 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने क्वार्टर फाइनल में विश्व नंबर 14 हनी को 42 मिनट तक चले मुकाबले में 4-11, 11-8, 4-11, 11-2, 11-5 से मात दी।

अनाहत इस मुकाबले में 2-1 से पीछे चल रही थीं, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 11-2 और 11-5 से जीत दर्ज की और अपने करियर में पहली बार गोल्ड सेमीफाइनल में जगह बनाई।

2-1 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए जीत हासिल करने वाली अनाहत ने हनी के बारे में कहा, "मैंने उनके खिलाफ पहले कभी नहीं खेला था, और मुझे नहीं पता था कि कोर्ट पर क्या उम्मीद करनी चाहिए। मैंने उन्हें कई बार खेलते देखा है, और उनके पास PSA टूर का काफी अनुभव है।"

मौजूदा विश्व जूनियर चैंपियन अनाहत ने कहा, "खासकर कल (अल-शेरबिनी के खिलाफ) मिली जीत के बाद, मुझे पता था कि अगर मैं अच्छा खेल रही हूं, तो मैं किसी के भी खिलाफ जीत सकती हूं। मैं इसी मानसिकता के साथ कोर्ट पर उतरना चाहती थी।"

हाल ही में एशियाई खेलों में सिंगल्स में सिल्वर मेडल जीतने वाली दिल्ली की इस खिलाड़ी ने आगे कहा, "कल की जीत के बाद भावनाओं के कारण मैं मैच से पहले थोड़ी थकी हुई थी। मैं आज अपनी लय को खोना नहीं चाहती थी, मैं अपना पूरा जोर लगाना चाहती थी और मुझे खुशी है कि मैं टूर्नामेंट में एक कदम और आगे बढ़ गई हूं।"

अनाहत का अगला मुकाबला मलेशिया की विश्व नंबर 4 और एशियाई खेलों की मौजूदा चैंपियन शिवसंगरी सुब्रमण्यम से होगा। शिवसंगरी ने एशियाई खेलों के महिला सिंगल्स फाइनल में अनाहत को हराया था और LA ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया था, जहां यह खेल पहली बार शामिल होने जा रहा है।

अनाहत ने हांगझू में हुए एशियाई खेल 2023 में दो ब्रॉन्ज मेडल जीते थे - महिला टीम इवेंट और मिक्स्ड डबल्स इवेंट में। उन्होंने आइची-नागोया में हुए 2026 एशियाई खेलों में महिला एकल का रजत पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही, वह एशियाई खेलों के स्क्वैश एकल फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बन गईं।

इससे पहले इसी साल, 2026 विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में अनाहत ने लड़कियों का एकल खिताब जीता। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय बनीं और उन्होंने इस प्रतियोगिता में मिस्र के 15 साल के दबदबे को खत्म कर दिया।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article