हाथ में हथकड़ी लगाकर 30 मील समुद्र में तैरा यह शख्स, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम हुआ दर्ज
- Authored by: Pankaj Yadav
- Updated Dec 10, 2025, 03:44 PM IST
अगर दिल में आग हो तो लोहे की जंजीरें भी रास्ते का रोड़ा नहीं बन सकतीं। कुछ ऐसा ही असंभव सा लगने वाला कारनामा एक तैराक ने पूरा कर दिखाया, जिसके बाद उसका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया।
तैराकी करते हुए माइकल मोरे (Youtube/@islandofmrmoreau)
एक तैराक ने अपनी तैराकी का ऐसा नमूना पेश किया कि उसे देखने और सुनने वाले दंग रह गए। दरअसल, इस तैराक ने अपने हाथों में हथकड़ी बांध 30 मील तक तैरकर अपना नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करा लिया। इस तैराक का नाम माइकल मोरो है। तैराकी के दौरान मोरो ने अपने दोनों हाथों को मोटी जंजीर और हथकड़ी से बांध रखा था। इसके बावजूद भी उसने मैनहट्टन द्वीप के चारों तरफ तैरकर 48 किलोमीटर की परिक्रमा पूरी की। इस पूरे 48 किलोमीटर का सफर इस तैराक ने 9 घंटे 41 मिनट और 46 सेकंड में पूरा किया।
शख्स ने बनाया हथकड़ी पहनकर सबसे ज्यादा दूर तक तैरने का रिकॉर्ड
माइकल मोरो के इस कारनामे ने उन्हें एक साथ दो-दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दिला दिए। पहला हथकड़ी पहनकर सबसे ज्यादा दूरी तक तैरने का महारिकॉर्ड और दूसरा हथकड़ी पहनकर मैनहट्टन का सबसे तेज चक्कर लगाने का रिकॉर्ड। माइकल मोरो ने यह कारनामा 9 सितंबर 2025 को “20 ब्रिजेस स्विम” नाम की मशहूर रेस में कर दिखाया। आम तौर पर भी यह रेस बहुत मुश्किल मानी जाती है क्योंकि इसमें न्यूयॉर्क की तीनों बड़ी नदियाँ—हडसन, ईस्ट रिवर और हार्लेम रिवर को पार करनी पड़ती है। इन नदियों की तेज धाराएं तैराक को इधर-उधर घुमाती रहती हैं। ऊपर से हथकड़ी बांधकर तैरना मतलब हाथों की पूरी ताकत छीन जाना। फिर भी माइकल ने यह अद्भुत कारनामा कर दिखाया।
आम तैराक नहीं हैं माइकल
आपको बता दें कि माइकल कोई आम तैराक नहीं हैं। उन्होंने पांच साल की छोटी सी उम्र में स्विमिंग पूल में छलांग लगानी शुरू कर दी थी। दस साल की उम्र तक वे अमेरिका के जूनियर ओलंपिक में हिस्सा लेने लगे थे और कुल नौ नेशनल रिकॉर्ड तोड़ चुके थे। उनमें से एक रिकॉर्ड आज 38 साल बाद भी कायम है। इन सभी कारनामों के बाद उन्होंने अपने जीवन में लंबा ब्रेक लिया और करीब 20 साल तक वे बड़े इवेंट से दूर रहे। लेकिन तैराकी का जुनून उन पर अभी भी सवार था। कुछ साल पहले उन्होंने ओपन वॉटर स्विमिंग शुरू की, यानी समंदर, नदियाँ, झीलें जहां कोई लेन नहीं होती, सिर्फ खुला पानी और अनगिनत चुनौतियाँ।
पार कर डाला दुनिया का सबसे खतरनाक चैनल
पिछले साल अक्टूबर 2024 में उन्होंने हवाई के सबसे खतरनाक चैनल “मोलोकई” को पार किया, जिसे “हड्डियों का चैनल” कहते हैं। 42 किमी लंबा, 700 मीटर तक गहरा और शार्क-जेलीफिश से भरे हुए इस रास्ते को तो सिर्फ 100 लोगों ने ही अब तक पार किया है। यह खतरनाक चैनल इतना मुश्किल है कि अब तक इसे सिर्फ 100 लोग ही पार कर पाए हैं जबकि एवरेस्ट पर 7000 से ज्यादा लोग चढ़ चुके हैं। इस चैनल में तैराकी करने के बाद माइकल को यह यकीन हुआ कि वे नामुमकिन को भी मुमकिन कर सकते हैं।
हथकड़ी वाली तैराकी पूरी करने के बाद क्या बोले माइकल
तैराकी पूरी होने के बाद जब हथकड़ी खोली गई तो माइकल की आंखें नम थीं। उन्होंने कहा, “इस सफर ने मुझे फिर से वह जुनून लौटाया जो मैंने कहीं खो दिया था। मुझे लगा था कि मेरे सपने की कोई सीमा है, लेकिन अब मैं उससे भी बड़ा सपना देख सकता हूं और उसे सच होते देख भी सकता हूँ।"
लोहे की जंजीरें भी नहीं बन सकती रास्ते का रोड़ा
हथकड़ी वाली यह तैराकी सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं थी। यह उस इंसान की कहानी है जो सालों बाद भी अपने बचपन के जुनून को नहीं भूला, जो हार मानने के बजाय हर बार और मुश्किल चुनौती चुनता है, और जिसने यह साबित कर दिया कि अगर दिल में आग हो तो लोहे की जंजीरें भी रास्ते का रोड़ा नहीं बन सकतीं। माइकल मोरो ने न सिर्फ मैनहट्टन का चक्कर लगाया, बल्कि यह भी बता दिया कि इंसान की हिम्मत और जज्बे की भी कोई सीमा नहीं होती।
वायरल (Viral News in Hindi) ट्रेंडिंग और अजब-गजब (Ajab Gajab News) की लेटेस्ट न्यूज और हिन्दी में पढ़ें और Times Now Navbharat Live TV पर देखें। देश-दुनिया की हर ट्रेंडिंग वीडियो (Viral Video) वायरल, शॉकिंग और अनोखी खबरें पढ़ने के लिए जुड़ें रहें Times Now Navbharat के साथ।