दादा-दादी हमारे बचपन को यादगार और खुशनुमा बनाते हैं। धन्य हैं वे जिन्हें दादा-दादी के प्यार का सुख मिला और वे अपने दादा-दादी के साथ रहें। इसी सुख का कर्ज उतारते एक पोते का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसने अपने दादा-दादी को पहली बार हवाई जहाज की सैर कराई और उन्हें दुबई ले गया। पोते का यह वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर खूब वायरल है और लोग उसके इस काम की खूब तारीफ कर रहे हैं। यह भावुक कर देने वाला वीडियो हरियाणा के एक युवक का है। जिसने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो ने लाखों दिल जीत लिए।
पोते का प्यार, दादा-दादी की मासूम खुशी
हरियाणा के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंकित राणा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @ankitranabigmouth पर दादा-दादी के विदेश ट्रिप का वीडियो शेयर किया है। जिसमें वह अपने दादा-दादी को पहली बार एयरपोर्ट पर ले जाकर उन्हें सरप्राइज देते नजर आ रहे हैं। वीडियो की शुरुआत एयरपोर्ट से होती है, जहां दादा-दादी बताते हैं कि यह न सिर्फ उनकी जिंदगी की पहली फ्लाइट है, बल्कि पहली बार देश से बाहर जाने का मौका भी है। गांव में रहने वाले इन बुजुर्गों के लिए हवाई जहाज सिर्फ एक सपना था, जो आज हकीकत बन गया।
दादा-दादी के चेहरे की खुशी देख पिघल गया लोगों का दिल
फ्लाइट में बैठते ही दादा-दादी की आंखों में चमक और चेहरे पर मासूम मुस्कान देखकर लोगों का दिल पिघल गया। फ्लाइट टेकऑफ के दौरान खिड़की से बाहर देखते हुए उनकी हैरानी और खुशी उनके चेहरे पर साफ झलक रही है। दादाजी दादी को बेहतर व्यू के लिए गोद में उठाकर दिखाते हैं, और दोनों हंसते-खेलते नजर आते हैं। यह पल परिवार के प्यार की मिसाल है।
दुबई में यादगार पल
दुबई पहुंचकर पोते ने उन्हें शहर की शानदार इमारतें दिखाईं। खासतौर पर 64वीं मंजिल पर स्थित इन्फिनिटी पूल में मस्ती करते हुए दादा-दादी का वीडियो और भी ज्यादा वायरल हो रहा है। बुर्ज खलीफा की चमकती रोशनी और शहर का नजारा देखकर उनकी खुशी दोगुनी हो गई। वीडियो को अब तक लाखो व्यूज और लाइक्स मिल चुके हैं। लोग कमेंट्स में लिख रहे हैं, "पैसे से एक्सपीरियंस नहीं खरीदे जा सकते, ये प्यार की ताकत है।" कुछ ने लिखा, "ऐसे पोते सबको मिलें, दादा-दादी का चेहरा देखकर आंसू आ जाते हैं।" जबकि कई लोगों ने लड़के की तारीफ करते हुए लिखा, "फैमिली फर्स्ट! बहुत अच्छा किया भाई।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
