सोशल मीडिया पर एक वीडियो इन दिनों काफी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि एक शख्स को पाइपलाइन की खुदाई के दौरान साल 1997 में बने जलजीरा का एक पैकेट मिला। इस वीडियो में देखा गया कि जलजीरा का यह पैकेट आज 28 साल बाद भी बिल्कुल जस का तस है। वीडियो के टाइटल में लिखा है, 'से नो टू प्लास्टिक।'
28 साल बाद मिला जलजीरा का पैकेट
इस वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर देवेंद्र सिंह बाना नाम के यूजर ने अपने हैंडल (@devendersinghbana_naturelover) से शेयर किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि देवेंद्र अपने घर की पाइपलाइन की मरम्मत कर रहे थे। तभी खुदाई के दौरान उन्हें मिट्टी से एक प्लास्टिक का पाउच मिला। जिसे देखने के बाद पहले तो उन्हें ये लगा कि यह कोई साधारण कचरा है, लेकिन जब उन्होंने पैकेट को गौर से देखा तो उनकी आंखें फटी की फटी रह गईं। जिसमें पैकेट पर साफ-साफ उसकी पैकेजिंग डेट लिखी हुई है। जहां पैकेजिंग की डेट मार्च 1997 लिखी हुई है।
50 पैसे का था यह जलजीरा का पैकेट
खुदाई के दौरान मिले जलजीरा के इस पैकेट का नाम जलानी है। वीडियो में देवेंद्र को जलजीरा वाले पैकेट को कैमरे के सामने रखकर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, "देखिए, यह 1997 का पैकेट है। इतने सालों बाद भी इस प्लास्टिक का कुछ नहीं बिगड़ा। आज भी यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे नया हो। इसलिए प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें, प्लास्टिक को ना कहें।" वीडियो में जलजीरा के इस पैकेट की कीमत भी दिखाई दे रही है, जो उस वक्त सिर्फ 50 पैसे में मिलती थी।