सोशल मीडिया पर अक्सर ऐसी तस्वीरें और वीडियो वायरल (Video Viral) होते रहते हैं, जिन्हें देखकर लोगों को अपनी आंखों पर भरोसा नहीं होता। इन दिनों केरलम के कासरगोड रेलवे स्टेशन का एक वीडियो (Video) लोगों का ध्यान खींच रहा है। खास बात यह है कि इस स्टेशन की सफाई और खूबसूरती देखकर एक पंजाबी टूरिस्ट इतना प्रभावित हुआ कि उसने इसकी तुलना जापान से कर दी। दरअसल, पंजाब के लुधियाना के रहने वाले 34 वर्षीय हरप्रीत सिंह अपने परिवार के साथ केरलम घूमने पहुंचे थे। यात्रा के दौरान उनकी ट्रेन कासरगोड रेलवे स्टेशन पर रुकी। जैसे ही वह ट्रेन से नीचे उतरे, स्टेशन का साफ-सुथरा माहौल देखकर हैरान रह गए।
स्टेशन की सफाई देखकर निकली ‘वाह’
हरप्रीत ने स्टेशन पर देखा कि प्लेटफॉर्म काफी साफ था। फर्श पर गंदगी नजर नहीं आ रही थी और जगह-जगह रखे कूड़ेदान भी व्यवस्थित दिखाई दे रहे थे। बेंच भी साफ थीं और दीवारों पर आम रेलवे स्टेशनों की तरह गंदगी या थूक के निशान नहीं दिखे। स्टेशन का यह नजारा देखकर उन्होंने तुरंत अपना मोबाइल निकाला और वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। उन्होंने अपने वीडियो में कहा, ‘यह जापान नहीं, केरल है!’ टूरिस्ट ने कहा कि उन्होंने भारत में बहुत से रेलवे स्टेशन देखे हैं, लेकिन इतना साफ और सुंदर स्टेशन देखकर वह सच में हैरान रह गए। उन्होंने केरल की साफ-सफाई और व्यवस्था की जमकर तारीफ की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
मसाज चेयर वाला लाउंज भी दिखाया
वीडियो (Video) में सिर्फ साफ प्लेटफॉर्म ही नहीं दिखाया गया, बल्कि यात्रियों के लिए बनाई गई सुविधाओं की भी झलक देखने को मिली। टूरिस्ट ने एक आरामदायक वेटिंग एरिया दिखाया, जहां यात्रियों के बैठने की अच्छी व्यवस्था थी। इसके अलावा वहां मसाज चेयर से लैस लाउंज भी नजर आया। यह सब देखकर टूरिस्ट काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि केरलम में यह उनका पहला दिन है, लेकिन कासरगोड स्टेशन ने शुरुआत में ही उनका दिल जीत लिया।
सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब की तारीफ
इस वीडियो (Video) को इंस्टाग्राम पर @backpacker_anmol नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। अब तक इस वीडियो को लाखों लोग वीडियो देख चुके हैं और लाखों लोगों ने इस पर अपना प्यार भी बरसाया है। वीडियो पर तमाम लोगों के कमेंट भी सामने आए हैं। जहां कई यूजर्स ने कासरगोड की तारीफ की। तो कई स्थानीय लोगों ने भी वीडियो पर कमेंट करके टूरिस्ट का स्वागत किया। कुछ लोगों ने उन्हें कासरगोड की दूसरी खूबसूरत जगहें देखने की सलाह दी। इनमें बेकल किला, रानीपुरम और अनंतपुरा झील मंदिर जैसी जगहों के नाम शामिल हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
