सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला की समझदारी ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। मामला हैदराबाद के चारमीनार इलाके का बताया जा रहा है। महिला के मुताबिक, रात करीब 9 बजे वह ऑटो का इंतजार कर रही थी। तभी एक व्यक्ति अपनी स्कूटी लेकर उसके पास आया और पूछा कि उसे कहां जाना है और उसने महिला से कहा कि चलो मैं छोड़ दूं।
महिला को जबरन राइड ऑफर करने लगा शख्स
ऐसे में महिला को उसकी बात कुछ अजीब लगी। जिसके बाद सबसे पहले महिला ने बातचीत को कैमरे में रिकॉर्ड करना शुरू किया। इसके बाद महिला की नजर स्कूटी पर गई, जहां उसे उस स्कूटी पर कोई नंबर दिखाई नहीं दिया। महिला ने तुरंत उस व्यक्ति से सवाल किया कि क्या वह रैपिडो ड्राइवर है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
रैपिडो का नाम लेकर महिला के पास पहुंचा शख्स
शख्स ने खुद को रैपिडो ड्राइवर बताया लेकिन महिला ने कहा कि उसने कोई रैपिडो बुक ही नहीं की तो फिर उसने उससे कैसे पूछा कि चलो मैं छोड़ दूं। फिर महिला ने उससे उसकी रैपिडो आईडी दिखाने को कहा। जिसके बाद वह शख्स रैपिडो आईडी दिखाने का नाटक करने लगा। इसके बाद मामला और भी हैरान करने वाला हो गया।
आईडी मांगते ही शख्स हुआ गायब
महिला के अनुसार, उस व्यक्ति ने अपनी मौजूदा ड्राइवर प्रोफाइल या आईडी दिखाने के बजाय कथित तौर पर मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर खोलकर रैपिडो ऐप डाउनलोड करना शुरू कर दिया। महिला लगातार उससे आईडी दिखाने और यह बताने के लिए कहती रही कि जब उसने कोई राइड बुक ही नहीं की थी तो वह उसके पास क्यों आया।
महिला की समझदारी ने टाल दिया बड़ा खतरा
महिला ने जब उस पर चिल्लाना शुरू किया और आसपास के लोगों की नजरें उस शख्स पर टिकने लगीं तो शख्स अपनी स्कूटी खराब होने का बहाना बनाने लगा। फिर कुछ देर के बाद वह व्यक्ति वहां से चला गया। महिला ने इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया और लोगों को रात में अकेले यात्रा करते समय सावधान रहने की सलाह दी। महिला ने साफ किया कि वह इस घटना के लिए रैपिडो को जिम्मेदार नहीं ठहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि वह खुद भी रैपिडो का इस्तेमाल करती हैं। उनकी चिंता सिर्फ इतनी है कि कोई व्यक्ति किसी भरोसेमंद राइड-हेलिंग कंपनी का नाम लेकर किसी यात्री का विश्वास हासिल करने की कोशिश कर सकता है।
महिला के पोस्ट पर रैपिडो ने भी किया रिप्लाई
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने महिला की सतर्कता की तारीफ की। रैपिडो ने भी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यात्रियों को ऐप पर ड्राइवर और वाहन की जानकारी जरूर जांचनी चाहिए। कंपनी ने यह भी बताया कि राइड शुरू होने पर ओटीपी के जरिए सही ड्राइवर और वाहन की पुष्टि की जा सकती है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
