अब तक हमने घड़ियों को बैटरी से चलते हुए देखा है। पर क्या आपने कभी ऐसी घड़ी देखी है जिसे कोई आदमी चलाता हो? हर एक मिनट की सुई को वह खुद घुमाता है और ऐसा वह पूरे दिन करते रहता है। शायद ही ऐसी विचित्र घड़ी आपने देखी होगी। लेकिन सोशल मीडिया पर ऐसी ही एक घड़ी का वीडियो इन दिनों वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि एक विशाल घड़ी के अंदर एक शख्स मौजूद है और वह हर एक मिनट घड़ी की सुइयों को मिटा और बना रहा है।
कहां पर है ऐसी घड़ी
वायरल हो रहे इस वीडियो को एक शख्स ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किया है, जिसमें वह ये बता रहा है कि ये घड़ी एम्स्टर्डम के शिफोल एयरपोर्ट में लगी हुई है। फिर वह शख्स अपने मोबाइल के कैमरे को घुमाकर उस घड़ी को दिखाता है, जिसमें घड़ी के अंदर मौजूद एक शख्स उस घड़ी की सुई को हर मिनट बनाता और मिटाता दिख रहा है। ये घड़ी मशीनरी घड़ियों से काफी अलग है। जहां घड़ी की सुइयां हर मिनट टिक-टिक करती हैं, वहीं इसे एक आदमी बार-बार मिटाता और बना देता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि घड़ी के अंदर मौजूद शख्स जैसे ही अगला मिनट होता है, वैसे ही वह पेंट रोलर से घड़ी की सुई को मिटाता है और अगले मिनट के सामने उस सुई को फिर से बना देता है, और ये सिलसिला चौबीसों घंटे चलते रहता है।
क्या सम में घड़ी के अंदर कोई आदमी बैठा है, जो पूरे दिन यहीं काम करता है?
अब आप सोच रहे होंगे कि भला ऐसा कौन सा आदमी है, जो बिना थके पूरे दिन घड़ी की सुई को बनाते और मिटाते रहता है। जिससे लोगों को समय का पता चलता है। तो इस सवाल का भी जवाब वीडियो को पोस्ट करने वाले शख्स ने दिया है। जिसमें उसने बताया है कि ये आदमी कोई असली आदमी नहीं है बल्कि ये ग्राफिक्स का कमाल है। दरअसल, इस घड़ी को डच कलाकार मार्टेन बास (Maarten Baas) ने बनाया है। यह घड़ी कोई मशीनरी घड़ी नहीं बल्कि एक 12 घंटे की वीडियो रिकॉर्डिंग है। जिसे लूप पर चलाया जाता है।
शख्स ने शेयर किया इस अनोखी घड़ी का वीडियो
इस वायरल वीडियो को SK अली नाम के टूरिस्ट ने शेयर किया है। SK अली ने अपने इस वीडियो में घड़ी के 1 मिनट का नजारा शेयर किया है, जिसमें देखा गया कि घड़ी के अंदर मौजूद एक व्यक्ति ने घड़ी पर पहले 6 बजकर 10 मिनट पर सुई बनाई और फिर उसे मिटाकर एक मिनट बाद उस सुई को फिर 6 बजकर 11 मिनट के सामने बना दिया।
