मनाली में हाल ही में हुई भारी बर्फबारी ने जहां एक ओर खूबसूरत नजारे पेश किए, वहीं दूसरी ओर यह सैकड़ों पर्यटकों के लिए मुसीबत भी बन गई। सड़कें बर्फ से जम गईं, गाड़ियां फंस गईं और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। कई पर्यटक घंटों तक, तो कुछ पूरी रात अपनी कारों में ही बैठे रहने को मजबूर हो गए लेकिन इसी ठंडी और मुश्किल घड़ी में मनाली की पहाड़ियों से इंसानियत की ऐसी मिसाल सामने आई, जिसने सोशल मीडिया पर लाखों दिल जीत लिए।
पर्यटकों को चाय पिलाती नजर आईं हिमाचली महिलाएं
मनाली के पास गोजरा इलाके में शूट हुए एक वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि भारी बर्फबारी के बाद सड़क पर गाड़ियां फंसी हुई हैं। ठंड काफी तेज है, रास्ता बंद है और लोग काफी परेशान हैं। इसी बीच कुछ स्थानीय हिमाचली महिलाएं हाथों में गर्म चाय की फ्लास्क लेकर फंसे हुए वाहनों के बीच घूमती नजर आईं। वे बिना किसी दिखावे के, मुस्कुराते हुए थके और ठंड से जूझ रहे पर्यटकों को चाय पिला रही हैं।
वीडियो देख पिघला लोगों का दिल
वीडियो में न कोई शोर है, न कोई कैमरे के सामने दिखावे की कोशिश। बस सादगी, अपनापन और मदद का भाव। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। यूजर्स ने इसे “शुद्ध हिमाचली भावना” बताया और कहा कि यही असली भारत है, जहां मेहमानों को भगवान माना जाता है। कई लोगों ने लिखा कि भीड़ और ट्रैफिक से अलग, यह वीडियो इंसानियत की याद दिलाता है। इस वायरल वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @iNikhilsaini नाम के यूजर ने शेयर किया है। जिसे खबर लिखे जाने तक हजारों ने देखा और सैकड़ों ने लाइक किया है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
