VIDEO: बर्फ में भी नहीं रुकी शादी, 7 किलोमीटर पैदल चलकर दूल्हा ले आया अपनी दुल्हनिया
- Edited by: Pankaj Yadav
- Updated Jan 26, 2026, 10:52 AM IST
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज क्षेत्र में भारी बर्फबारी के बीच एक ऐसी शादी हुई, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। फिलहाल सोशल मीडिया पर इस शादी की चर्चा खूब हो रही है।
भारी बर्फबारी के बीच दुल्हन को ब्याह ले आया दूल्हा (टाइम्स नाउ डिजिटल)
लोग अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए क्या कुछ नहीं करते। भव्य बारात लेकर दुल्हन के दरवाजे तक पहुंचते हैं और शादी के फेरे लेकर उसी ठाठ के साथ वापस दुल्हन को अपने साथ ले आते हैं। लेकिन हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज क्षेत्र में भारी बर्फबारी ने एक दूल्हे के इन सारे अरमानों पर पानी फेर दिया। ऐसे में दूल्हे ने अपनी शादी को यादगार बनाने के साथ-साथ चर्चित भी बना दिया। दूल्हे ने अपनी शादी में ऐसा काम किया जिसने हर किसी का दिल जीत लिया।
3-4 फीट बर्फ, सड़कें बंद, फिर भी पैदल गई बारात
जहां आमतौर पर बर्फ पड़ते ही जनजीवन ठप हो जाता है, वहीं सराज में एक दूल्हा अपनी शादी के लिए बर्फ से जूझता हुआ पैदल ही बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। यह शादी सराज क्षेत्र की केओली पंचायत के बुनालीघार गांव के रहने वाले गितेश ठाकुर की थी। उनकी बारात को भैचड़ी गांव जाना था, लेकिन शादी से ठीक पहले इलाके में भारी बर्फबारी शुरू हो गई। तीन से चार फीट तक बर्फ जम गई और सभी सड़कें पूरी तरह बंद हो गईं। ऐसे हालात में जहां लोग घरों से बाहर निकलने से बचते हैं, वहीं गितेश ठाकुर ने शादी टालने के बजाय पैदल ही बारात ले जाने का फैसला किया।
सादगी के साथ संपन्न हुआ विवाह
दूल्हा गितेश ठाकुर सीमित संख्या में बारातियों के साथ करीब 7 किलोमीटर पैदल चलकर दुल्हन के गांव पहुंचे। चारों तरफ बर्फ की सफेद चादर बिछी थी, कड़ाके की ठंड थी, लेकिन शादी की खुशी हर मुश्किल पर भारी पड़ गई। भैचड़ी गांव में तीन से चार फीट बर्फ के बीच ही सभी शादी की रस्में पूरी की गईं। बिना किसी तामझाम के, बेहद सादगी के साथ यह विवाह संपन्न हुआ। शादी के अगले दिन 25 जनवरी की सुबह करीब सवा सात बजे दुल्हन उषा ठाकुर की विदाई हुई।
दुल्हन भी पैदल ही पहुंची अपने ससुराल
भारी बर्फबारी और फिसलन के कारण पालकी उठाना खतरे से खाली नहीं था, इसलिए दूल्हा-दुल्हन बिना पालकी के ही पैदल अपने घर के लिए निकल पड़े। दूल्हा-दुल्हन और कुछ बारातियों ने पहले करीब दो घंटे की खड़ी चढ़ाई चढ़ी और फिर लगभग चार घंटे का पैदल सफर तय किया। सुबह करीब 11 बजे सभी सकुशल बुनालीघार गांव पहुंच गए। हालांकि यह शादी बेहद सादगी से हुई, लेकिन हालातों ने इसे जीवन भर याद रहने वाली बना दिया। इस शादी के वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग दूल्हा-दुल्हन के हौसले और जज्बे की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
वायरल (Viral News in Hindi) ट्रेंडिंग और अजब-गजब (Ajab Gajab News) की लेटेस्ट न्यूज और हिन्दी में पढ़ें और Times Now Navbharat Live TV पर देखें। देश-दुनिया की हर ट्रेंडिंग वीडियो (Viral Video) वायरल, शॉकिंग और अनोखी खबरें पढ़ने के लिए जुड़ें रहें Times Now Navbharat के साथ।