वायरल न्यूज़

Viral Video: तीन दिन से हनुमान जी की मूर्ति की परिक्रमा कर रहा कुत्ता, देखने के लिए मंदिर में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

dog temple viral video: उत्तर प्रदेश के बिजनौर के नगीना क्षेत्र में स्थित नंदपुर खुर्द गांव के प्राचीन हनुमान मंदिर में एक कुत्ते (Dog Hanuman Temple Viral Video) का लगातार हनुमान जी की मूर्ति की परिक्रमा करने का वीडियो वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि कुत्ता करीब 60 घंटे से शांत भाव से मूर्ति के चारों ओर घूम रहा है। इस खबर के फैलते ही लोग मंदिर पहुंचने लगे, पूजा-पाठ और भजन भी शुरू हो गए।

Image

तीन दिन से हनुमान जी की मूर्ति की परिक्रमा कर रहा कुत्ता, देखें वीडियो (फोटो: टाइम्स नाउ नवभारत)

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। नगीना के नंदपुर खुर्द गांव में स्थित प्राचीन सिद्धपीठ नंदलाल देवता मंदिर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल (Viral Video) हो रहा है। इस वीडियो में एक कुत्ता मंदिर में मौजूद हनुमान जी की मूर्ति (dog circling Hanuman idol) के चारों ओर लगातार चक्कर लगाता दिखाई दे रहा है। इस अनोखी घटना के बारे में सुनते ही आसपास के गांवों के लोग मंदिर पहुंचने लगे। कई लोग इसे चमत्कार मानकर दर्शन करने, प्रसाद चढ़ाने और अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की प्रार्थना करने लगे। देखते ही देखते यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।

ग्रामीणों ने बताई ये अहम बात

ग्रामीणों के अनुसार, यह कुत्ता सोमवार तड़के करीब चार बजे से मूर्ति के इर्द-गिर्द घूमना शुरू कर दिया था। उनका दावा है कि सोमवार दोपहर तक यानी कई घंटों तक वह लगातार मूर्ति की परिक्रमा करता रहा। इसके बाद वह मूर्ति के पीछे जाकर बैठ गया। लोगों ने उसे खाना देने की कोशिश की, लेकिन उसने कुछ नहीं खाया। मंगलवार की सुबह फिर वही दृश्य देखने को मिला। कुत्ता एक बार फिर मूर्ति के चारों ओर घूमने लगा। ग्रामीण कहते हैं कि यह कुत्ता लगभग 60 घंटे से लगातार मंदिर परिसर में शांति से घूम रहा है और किसी को परेशान भी नहीं कर रहा।

इस घटना ने लोगों का खींचा ध्यान

इस घटना की खबर बुधवार तक और ज्यादा फैल गई। इसके बाद सैकड़ों लोग मंदिर पहुंचने लगे। मंदिर में भजन-कीर्तन, पूजा-पाठ और मंत्रोच्चार शुरू हो गया। कई लोग इसे ईश्वरीय संकेत मान रहे हैं, तो कुछ इसे एक अनोखी लेकिन साधारण घटना कह रहे हैं। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद भी इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही इसके पीछे की कोई स्पष्ट वजह सामने आई है। फिर भी यह दृश्य स्थानीय लोगों के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है। जहां एक ओर भक्त आस्था और भावनाओं के साथ इसे दिव्य घटना मान रहे हैं, वहीं कई लोग इसे सिर्फ एक विचित्र लेकिन प्राकृतिक व्यवहार समझ रहे हैं। जो भी हो, इस घटना ने लोगों का ध्यान जरूर खींचा है और मंदिर अचानक चर्चा का केंद्र बन गया है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article