Hamirpur Video: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक दिल खुश कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो के पीछे की सच्चाई जानकर आपका सीना भी गर्व से फूल उठेगा। वीडियो में देखा जा सकता है कि हमीरपुर जिले के एक घर में बेटी पैदा होने के बाद पिता ने डीजे के साथ से अस्पताल से लेकर घर तक स्कॉर्पियो गाड़ियों का काफिला निकाला। इसके साथ ही बेटी का शानदार तरीके से स्वागत किया गया। यह वीडियो सामने आने के बाद लोग पिता की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
बेटी होने पर पिता ने किया दिल छूने वाला काम
वायरल हो रहा वीडियो मौदहा कस्बे के फत्तेपुर मोहल्ले से सामने आया है। यहां रहने वाले रुकनुद्दीन बीएसएफ में सब इंस्पेक्टर रह चुके हैं और अब सेवानिवृत हो चुके हैं। रुकनुद्दीन के अब तक चार पुत्र ही थे और उनकी कोई बेटी नहीं थी। वहीं उनके चारों बच्चों की भी अब तक कोई बेटी नहीं हुई थी। हालांकि, तमाम मिन्नतें और दुआओं के बाद तकरीबन एक पीढ़ी बीतने पर बीते शुक्रवार उनके पुत्र अंजुम परवेज को एक पुत्री हुई। उनकी पत्नी निखत फातिमा ने एक निजी अस्पताल में पुत्री को जन्म दिया। देखें वीडियो-
तकरीबन 40 साल बाद बेटी का जन्म होने पर परिवार इतना खुश हुआ कि उसका भव्य तरीके से स्वागत करने के बारे में सोचा। इसके बाद जैसे ही बीते मंगलवार को बच्ची और उसकी मां को अस्पताल से छुट्टी मिली तो पिता और उसके बाबा ने स्वागत के लिए ढोल-नगाड़े और डीजे बजवाए। इसके साथ ही 13 स्कॉर्पियो गाड़ियों का एक काफिला निकाला। यह काफिला बच्ची और उसकी मां को अस्पताल से लेकर घर पहुंचा। इस दिल छूने वाली घटने के बारे में जिसने भी सुना, वह पिता और परिवार की तारीफ करते थक नहीं रहा है।
