अब तक आपने लोगों के पोट्रेट पेंट-ब्रश या फिर पेंसिल स्केच की मदद से बनाए जाते हुए देखा होगा। लेकिन क्या कभी आपने खाने वाले कद्दू से किसी का पोट्रेट बनते देखा है? अगर नहीं, तो आज यह अद्भुत कारनामा देख लीजिए, जो गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल है।
किसकी है यह तस्वीर?
कद्दू से बनाई गई यह पोट्रेट रॉक म्यूजिक के दिग्गज सिंगर ओजी ऑस्बोर्न की है, जिसे इंग्लैंड के साउथेम्प्टन शहर में स्थित सनीफील्ड्स फार्म ने बनाकर उन्हें अनोखी श्रद्धांजलि दी है। फार्म ने सैकड़ों कद्दू और स्क्वैश का इस्तेमाल करके 'प्रिंस ऑफ डार्कनेस' के नाम से मशहूर ओजी की एक विशाल तस्वीर बनाई। यह मोजेक 2,281 वर्ग फीट में फैला हुआ है और इसने सबसे बड़े कुकुर्बिटा मोजेक (कद्दू-स्क्वैश से बनी छवि) का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
कौन थे सिंगर ओजी ऑस्बोर्न
ओजी ऑस्बोर्न ब्लैक सब्बाथ बैंड के लीड सिंगर हुआ करते थे। उन्होंने हेवी मेटल म्यूजिक को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उनके गाने जैसे Iron Man, Paranoid और Crazy Train आज भी लोगों की जुबां पर काबिज हैं। उनका निधन 22 जुलाई 2025 को 76 वर्ष की आयु में हुआ। उनकी मृत्यु का कारण दिल का दौरा पड़ना था। जो कोरोनरी धमनी रोग और पार्किंसंस रोग से ग्रस्त होने के कारण हुआ। उनकी मृत्यु की यह जानकारी उनकी बेटी द्वारा दायर मृत्यु प्रमाण पत्र से सामने आई है। ओजी ऑस्बोर्न के निधन से म्यूजिक इंडस्ट्री को गहरा सदमा पहुँचा है।
मोजेक के अनावरण में शामिल हुई पत्नी और बेटी
उनके इस मोजेक का अनावरण एक भावुक समारोह में हुआ। इसमें ओजी की पत्नी शेरोन ऑस्बोर्न और बेटी केली ऑस्बोर्न ने शिरकत की। शेरोन ने इसे देखकर कहा कि यह उनके पति की स्मृति को जीवंत रखने का सबसे सुंदर तरीका है। फार्म के मालिकों ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में दर्जनों लोग शामिल थे। उन्होंने अलग-अलग रंग और आकार के स्क्वैश को सावधानी से चुना और जोड़ा ताकि ओजी की मशहूर मुस्कान, लंबे बाल और चमकती आँखें साफ दिख सकें।
पहले भी कद्दू कला का जलवा बिखेर चुका है सनीफील्ड्स फार्म
सनीफील्ड्स फार्म पहले भी कद्दू कला के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार उन्होंने संगीत और कृषि को जोड़कर कुछ अनूठा किया। फार्म ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कीं, जिसे लाखों लोगों ने पसंद किया। ओजी हमेशा अपने फैन्स के दिलों पर राज करते रहें। यह विशाल मोज़ेक उनकी याद को उनकी संगीत की तरह ही अमर बनाता है। फार्म अब इसे कुछ दिनों तक प्रदर्शित रखेगा ताकि लोग आकर श्रद्धांजलि दे सकें।
