वायरल न्यूज़

रसगुल्ले के चक्कर में मचा बवाल, जमकर चले लात–घूंसे और कुर्सियां, देखें वायरल Video

बोधगया की एक शादी में रसगुल्ला विवाद इतना हड़कंप मचा कि मेहमानों के बीच लात–घूंसे और कुर्सियां चलने लगी। शादी में मचा यह बवाल इस कदर हावी हुआ कि शादी ही कैंसिल करनी पड़ गई। इस मामले में दुल्हन पक्ष ने दूल्हे पक्ष पर दहेज का मुकदमा दर्ज करवाया है। फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

Image

रसगुल्ले के चक्कर में हुई मारपीट (Instagram/@timesnownavbharat)

अब बोधगया एक ऐसी जगह है, जहाँ लोग बुद्ध के ज्ञान और शांति को अपनाने आते हैं। लेकिन यहीं पर एक निजी होटल में 29 नवंबर को ऐसा तमाशा हुआ कि शांति की बात बस किताबी ज्ञान लगने लगी। यह तमाशा हुआ सिर्फ कुछ रसगुल्लों के लिए, जहाँ बस चंद रसगुल्ले कम पड़ने की वजह से शादी का खुशनुमा माहौल पूरी तरह से युद्ध में तबदील हो गया। रसगुल्ले की कमी को लेकर दूल्हा-दुल्हन पक्ष में विवाद इतना भड़का कि मेहमानों के बीच दनादन लात-घूंसे और कुर्सियां चलने लगीं। होटल में हुए इस रसगुल्ला युद्ध की CCTV फुटेज अब सामने आई है और यह फुटेज अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।

रसगुल्ले को लेकर हुआ विवाद

वीडियो में देखा जा सकता है कि शादी में आए मेहमानों को खाना परोसा जा रहा था। तभी इसी दौरान रसगुल्ले के कम पड़ जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच तकरार शुरू हो गई। देखते ही देखते बात मारपीट तक आ गई और फिर मेहमानों के बीच भयंकर जंग छिड़ गई। वीडियो में आप देख सकते हैं कि मेहमान एक-दूसरे को लात-घूंसे और कुर्सियाँ उठाकर मार रहे हैं। दूल्हा और दुल्हन दोनों पक्ष एक-दूसरे पर ऐसे टूट पड़े जैसे वे शादी नहीं युद्ध करने के ही उद्देश्य से आए थे। इस हाथापाई और झड़प में कई लोग घायल भी हो गए।

शादी हुई कैंसिल

दोनों पक्षों में हुई मारपीट सिर्फ खाने तक ही सीमित नहीं थी। शादी में आए मेहमान इतने उग्र हो गए कि शादी ही रद्द करनी पड़ गई। बता दें कि शादी समारोह में जयमाला से लेकर अधिकतर रस्में पूरी हो चुकी थीं और अब मंडप में बैठकर विवाह होना ही बाकी था। लेकिन इतने में रसगुल्ले पर शुरू हुआ हंगामा इतना बढ़ गया कि दुल्हन वालों ने शादी रद्द कर दी।

दुल्हन पक्ष ने दर्ज कराया मुकदमा

दूल्हे पक्ष की ओर से दूल्हे के पिता, महेंद्र प्रसाद, का कहना है कि यह विवाद सिर्फ रसगुल्ले को लेकर हुआ था, लेकिन दुल्हन पक्ष ने उन लोगों पर दहेज मांगने का झूठा आरोप लगाकर बोधगया थाना में केस कर दिया। दूल्हे के पिता का कहना है कि मुकदमे के बाद भी वे शादी कराने के लिए तैयार थे, लेकिन दुल्हन पक्ष किसी भी हालत में तैयार नहीं हुआ और उन पर झूठा दहेज का केस लगा दिया।

दूल्हे की मां ने टूटी शादी पर क्या कहा?

वहीं दूल्हे की मां मुन्नी देवी का आरोप है कि जब दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात हो ही रही थी, तभी दुल्हन पक्ष के लोग शादी में लाए जेवर-गहने उठा ले गए और दुल्हन को साथ लेकर होटल से निकल गए। दूल्हे की मां का कहना है कि, "हमारे सोने-चाँदी के गहने ले उड़े, दुल्हन को गाड़ी में बिठाया और भाग गए। अब हम होटल का बिल भी भर रहे हैं और शादी भी नहीं हो रही।" मां ने आगे कहा कि शादी में होटल की बुकिंग भी दूल्हा पक्ष ने ही कराई थी और अभी भी वे शादी के लिए तैयार हैं, लेकिन दुल्हन पक्ष अपनी जिद्द पर अड़ा हुआ है। CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला और गरमाया हुआ है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर जांच में जुट गई है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article